NEET UG Re-Exam: परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में बंद रहेंगे साइबर कैफे और फोटो स्टेट दुकानें

Edited by SUMIT KUMAR
Updated:
विज्ञापन

परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में बंद रहेंगे साइबर कैफे और फोटो स्टेट दुकानें

NEET UG Re-Exam Motihari: मोतिहारी में नीट यूजी पुनर्परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट पर है. 13 केंद्रों पर 6320 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे. केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में साइबर कैफे बंद रहेंगे और दो लेयर की सुरक्षा जांच के बाद ही एंट्री मिलेगी.जानिए पूरी खबर…

विज्ञापन

मोतिहारी से इन्तेजारुल हक की रिपोर्ट

NEET UG Exam Motihari: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश पुनर्परीक्षा (NEET UG Re-Exam) को शांतिपूर्ण, स्वच्छ और कदाचार मुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. परीक्षा के दिन सभी केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में सुबह 7:00 बजे से ही फोटो स्टेट की सभी दुकानें और साइबर कैफे पूरी तरह बंद रहेंगे. समाहरणालय के डॉ. राजेन्द्र प्रसाद सभा भवन में आयोजित एक संयुक्त ब्रीफिंग के दौरान प्रभारी डीएम मुकेश कुमार सिंहा ने ये कड़े निर्देश जारी किए. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन हर हाल में निष्पक्ष परीक्षा कराने के लिए प्रतिबद्ध है.

13 केंद्रों पर 6320 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा, दंडाधिकारियों को 9 बजे तक पहुंचने का निर्देश

मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 6,320 परीक्षार्थी शामिल होंगे. यह परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक एक ही पाली में आयोजित की जाएगी. प्रभारी डीएम ने सभी दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने आवंटित परीक्षा केंद्रों पर हर हाल में सुबह 9:00 बजे तक पहुंच जाएं. परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर की पुख्ता व्यवस्था रहेगी. इसके अलावा, सभी कमरों में समय के मिलान के लिए घड़ी, बिजली, पेयजल और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था रखने को कहा गया है.

11 से 1:30 बजे तक एंट्री, दो लेयर में होगी परीक्षार्थियों की फ्रीस्किंग

परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों का प्रवेश सुबह 11:00 बजे से शुरू हो जाएगा और दोपहर 1:30 बजे तक ही एंट्री मिलेगी. इसके बाद किसी भी परिस्थिति में किसी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा. सुरक्षा के लिहाज से परीक्षार्थियों की दो लेयर में फ्रीस्किंग (जांच) की जाएगी. पहली जांच मुख्य द्वार पर होगी और दूसरी जांच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के प्राधिकृत पदाधिकारियों द्वारा की जाएगी. इसके बाद परीक्षार्थियों का बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन होगा, तभी वे कक्षा में बैठ सकेंगे. परीक्षार्थियों को अपने एडमिट कार्ड के साथ दो पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ लाना अनिवार्य है.

रूमाल, घड़ी और मोबाइल पर पूर्ण प्रतिबंध, जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित

कदाचार रोकने के लिए परीक्षा केंद्र के भीतर रूमाल, मोबाइल फोन, घड़ी, अंगूठी, चेन, कान की बाली, बेल्ट, इरेज़र, शार्पनर और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. यहां तक कि ड्यूटी पर तैनात कर्मियों और अधिकारियों को भी मोबाइल रखने की अनुमति नहीं होगी. किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष बनाया गया है, जिसका हेल्पलाइन नंबर 06252-242418 परीक्षा के दिन चालू रहेगा.

विज्ञापन
SUMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन