किराये की पत्नी और बच्चे के सहारे शराब तस्करी, 60 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरोह पकड़ा गया

Updated:
विज्ञापन
motihari-liquor-news-fake-family-up-car-60-litres-foreign-liquor-seized

शराब तस्करी के मामले में जब्त लग्जरी कार और बरामद विदेशी शराब के साथ उत्पाद विभाग की टीम

Motihari Liquor news : पूर्वी चंपारण में उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी के नए तरीके का खुलासा करते हुए यूपी नंबर की लग्जरी कार से करीब 60 लीटर विदेशी शराब बरामद की है. महिला और बच्चे की आड़ में तस्करी की जा रही थी. पुलिस ने एक पुरुष, एक महिला और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन

मोतिहारी से अमरेश सिंह की रिपोर्ट

Motihari Liquor news : पूर्वी चंपारण में जिला उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी के एक अनोखे तरीके का खुलासा किया है. पुलिस और उत्पाद विभाग की नजर से बचने के लिए तस्करों ने फर्जी परिवार बनाकर लग्जरी कार से शराब की तस्करी का तरीका अपनाया था. सदर उत्पाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार से करीब 60 लीटर विदेशी शराब बरामद की है. मामले में एक पुरुष, एक महिला और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है.

फर्जी परिवार बनाकर कर रहे थे शराब की तस्करी

गिरफ्तार आरोपियों में मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी निवासी विजय पासवान, काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर निवासी कविता देवी तथा एक नाबालिग शामिल है. उत्पाद विभाग की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला और बच्चे को परिवार का सदस्य बताकर पुलिस जांच से बचने की कोशिश की जा रही थी.

गुप्त सूचना पर कोटवा के पास हुई कार्रवाई

उत्पाद थाना मोतिहारी के निरीक्षक शिवेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से विदेशी शराब की बड़ी खेप लग्जरी कार के जरिए बिहार लाई जा रही है. सूचना के आधार पर टीम गठित कर कोटवा के समीप एनएच पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया. जांच के दौरान यूपी नंबर की संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें करीब 60 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई.

महिला ने पहले किया विरोध, पूछताछ में खुला राज

कार में सवार महिला ने शुरुआत में पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए खुद को निर्दोष बताया और जांच टीम को भ्रमित करने की कोशिश की. हालांकि सख्ती से पूछताछ करने पर तस्करी का पूरा नेटवर्क सामने आने लगा. जांच में पता चला कि महिला और बच्चा तस्करी को सामान्य पारिवारिक यात्रा दिखाने के लिए साथ लाए गए थे.

मुजफ्फरपुर में होनी थी शराब की डिलीवरी

पूछताछ में यह भी सामने आया कि विदेशी शराब की खेप मुजफ्फरपुर पहुंचाई जानी थी. इससे पहले ही उत्पाद विभाग की टीम ने कार्रवाई कर पूरे गिरोह को पकड़ लिया. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर छापेमारी कर रही है.

यह भी पढ़ें: अपराधियों की अब खैर नहीं, लंबित मामलों पर डीएम-एसपी की सीधी नजर

विज्ञापन
Purushottam Kumar

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन