अब AI से बनेंगे रिज्यूमे, होगी इंटरव्यू की तैयारी, मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों को मिलेगी मुफ्त सुविधा

समझौता पत्र दिखाते प्राचार्य
मोतीहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग ने रेडरोब इंक के साथ एमओयू किया है। अब छात्र एआई प्लेटफॉर्म की मदद से करियर और प्लेसमेंट की तैयारी बेहतर तरीके से कर सकेंगे।
AI Ready Campus: मोतिहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग ने छात्रों को नई तकनीक से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. संस्थान ने दक्षिण कोरिया की रेडरोब इंक (Redrob Inc.) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं. इस साझेदारी का उद्देश्य कॉलेज को AI-Ready Campus के रूप में विकसित करना और छात्रों की करियर तैयारी को नई तकनीक से मजबूत बनाना है.
इस एमओयू पर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. नवनीत कुमार ने हस्ताक्षर किए.
पूरे परिसर में लागू होगा AI प्लेटफॉर्म
समझौते के तहत पूरे कॉलेज परिसर में रेडरोब एआई प्लेटफॉर्म लागू किया जाएगा. इसका लाभ छात्रों, संकाय सदस्यों और प्रशासनिक कर्मचारियों को मिलेगा.
इस प्लेटफॉर्म के जरिए करियर तैयारी, शोध, आकलन निर्माण, प्लेसमेंट संचालन और शैक्षणिक गतिविधियों में आधुनिक एआई टूल्स का उपयोग किया जा सकेगा.
छात्रों को छह महीने तक मिलेगी मुफ्त सुविधा
साझेदारी के तहत नामांकित सभी छात्रों, शिक्षकों और प्लेसमेंट स्टाफ को छह महीने तक रेडरोब एआई प्लेटफॉर्म का पूर्ण एक्सेस मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा.
इसके लिए प्रत्येक छात्र के ऑनबोर्डिंग और उपयोग की निगरानी हेतु एक विशिष्ट कैंपस कोड जारी किया जाएगा. कॉलेज को "AI-Ready Campus Powered by Redrob AI" का सह-ब्रांडेड डिजिटल बैज भी मिलेगा, जिसका उपयोग वेबसाइट, प्रॉस्पेक्टस और अन्य आधिकारिक संचार माध्यमों में किया जाएगा.
रिज्यूमे से लेकर इंटरव्यू तक मिलेगी AI की मदद
रेडरोब एआई प्लेटफॉर्म के माध्यम से छात्र एआई की सहायता से रिज्यूमे तैयार कर सकेंगे, उपयुक्त नौकरियों की जानकारी प्राप्त करेंगे, इंटरव्यू की तैयारी कर सकेंगे, अपनी रोजगार योग्यता का आकलन कर सकेंगे और बहुभाषी क्रेडेंशियल अनुवाद जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे.
इसके अलावा लॉन्च इवेंट, एंबेसडर प्रशिक्षण, कैंपस एक्टिवेशन टूलकिट, नियमित तकनीकी सहायता और नए फीचर्स भी उपलब्ध कराए जाएंगे.
प्राचार्य बोले- संस्थान के लिए ऐतिहासिक पहल
प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. नवनीत कुमार ने कहा कि यह समझौता मोतिहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग को डिजिटल और एआई-सक्षम संस्थान बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है.
उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में छात्रों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना आवश्यक है. रेडरोब एआई प्लेटफॉर्म शोध, शिक्षण और प्लेसमेंट प्रक्रियाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ-साथ संस्थान को एनआईआरएफ और एनएएसी जैसे मूल्यांकन मानकों पर बेहतर प्रदर्शन करने में भी मदद करेगा.
रोजगार क्षमता बढ़ाने पर रहेगा फोकस
कॉलेज के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. शैलेश रंजन कुमार ने कहा कि यह साझेदारी छात्रों की रोजगार क्षमता बढ़ाने और उन्हें उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की पहल पर हुआ यह समझौता छात्रों को आधुनिक तकनीकी कौशल से लैस करने और संस्थान को डिजिटल तथा एआई-सक्षम बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी कदम है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अमृतेश कुमार
अमृतेश 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. खबर पर हमेशा पैनी नजर रखने वाले अमृतेश को क्षेत्रीय और जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव है. वर्तमान में ये डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में अपनी लेखनी के जरिए लगातार सक्रिय हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










