मोतिहारी में दूरबीन विधि से जटिल पैंक्रियाटिक सिस्ट का सफल ऑपरेशन, मरीज स्वस्थ
मरीज के साथ चिकित्सा कर्मी
मोतिहारी के स्टोन क्लिनिक ने चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. यूरोलॉजिस्ट डॉ. मनोज गुप्ता और उनकी टीम ने दूरबीन विधि से जटिल स्यूडो पैंक्रियाटिक सिस्ट का सफल ऑपरेशन कर एक मरीज की जान बचाई. यह क्षेत्र के लिए एक बड़ी राहत है.
Motihari News: शहर के शास्त्री नगर भवानीपुर जिरात स्थित स्टोन क्लिनिक ने चिकित्सा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. क्लिनिक के यूरोलॉजिस्ट डॉ. मनोज गुप्ता एवं उनकी टीम ने बनकटवा प्रखंड के जीतपुर बेला निवासी अजय मुखिया का लैप्रोस्कोपिक सिस्टो गैस्ट्रोस्टोमी (दूरबीन विधि) के माध्यम से जटिल स्यूडो पैंक्रियाटिक सिस्ट का सफल ऑपरेशन किया है. ऑपरेशन के बाद मरीज पूरी तरह स्वस्थ है और खतरे से बाहर बताया गया है.
गंभीर हालत में पहुंचे थे मरीज
बताया गया कि करीब 10 दिन पहले अजय मुखिया गंभीर स्थिति में स्टोन क्लिनिक पहुंचे थे. इससे पहले वह पटना सहित देश के कई बड़े अस्पतालों में इलाज करा चुके थे, लेकिन संतोषजनक उपचार नहीं मिल पाया. बाद में परिचितों की सलाह पर उन्हें मोतिहारी स्थित स्टोन क्लिनिक लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद ऑपरेशन का निर्णय लिया.
दूरबीन विधि से हुआ सफल ऑपरेशन
डॉ. मनोज गुप्ता ने बताया कि लैप्रोस्कोपिक सिस्टो गैस्ट्रोस्टोमी एक आधुनिक न्यूनतम इनवेसिव (Minimal Invasive) सर्जिकल प्रक्रिया है. इसका उपयोग मुख्य रूप से पैंक्रियाटाइटिस के बाद बनने वाले स्यूडो पैंक्रियाटिक सिस्ट के उपचार में किया जाता है. इस तकनीक में बड़े चीरे की आवश्यकता नहीं होती और मरीज जल्दी स्वस्थ हो जाता है.
विशेषज्ञ टीम ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
इस जटिल ऑपरेशन में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. मोहम्मद रफीउल्लाह, डॉ. राकेश कुमार तथा स्टोन क्लिनिक के अन्य चिकित्सा कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. चिकित्सकों ने बताया कि आधुनिक तकनीक और टीमवर्क के कारण ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा किया जा सका.
मोतिहारी में विश्वस्तरीय सुविधा मिलने से लोगों में खुशी
डॉ. मनोज गुप्ता ने कहा कि अब तक इस तरह की जटिल सर्जरी के लिए मरीजों को पटना, दिल्ली या अन्य बड़े महानगरों का रुख करना पड़ता था. मोतिहारी में ही इस स्तर की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने से पूर्वी चंपारण सहित आसपास के जिलों के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी. मरीज अजय मुखिया अब पूरी तरह स्वस्थ हैं और तेजी से सामान्य जीवन की ओर लौट रहे हैं.
यह भी पढ़ें: सुगौली के पास वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव, C-4 कोच का शीशा चकनाचूर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











