मोतिहारी में 2 सितंबर को जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान सम्मेलन, राज्यपाल करेंगे डिफेंस कैंटीन का उद्घाटन
उपस्थित लोगों को संबोधित करते सांसद राधामोहन सिंह
मोतिहारी में 2 सितंबर को 'जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान सम्मेलन' का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन मुख्य अतिथि होंगे. इस दौरान राज्यपाल डिफेंस कैंटीन और स्टोर भवन का उद्घाटन करेंगे, जो किसानों, वैज्ञानिकों और पूर्व सैनिकों को लाभान्वित करेगा.
Motihari News: मोतिहारी. कृषि, पशुपालन एवं मात्स्यिकी उद्यमी उन्नति मेला-2026 के दूसरे दिन दो सितंबर को महात्मा गांधी ऑडिटोरियम में ‘जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान सम्मेलन’ का आयोजन किया जाएगा. सम्मेलन में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. कार्यक्रम में कृषि विज्ञान, राष्ट्रसेवा, सैनिक कल्याण और ग्रामीण विकास के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी.
आपके शहर में
राज्यपाल करेंगे डिफेंस कैंटीन व स्टोर भवन का उद्घाटन
सम्मेलन के दौरान राज्यपाल हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल), रक्षा मंत्रालय के सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम के सीएसआर फंड से निर्मित बालिका छात्रावास का उद्घाटन करेंगे.
इसके साथ ही सांसद निधि से निर्मित डिफेंस कैंटीन एवं स्टोर भवन का भी उद्घाटन किया जाएगा. भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के वित्तपोषण से बनने वाले डिफेंस एन्क्लेव प्रदर्शनी केंद्र का शिलान्यास भी प्रस्तावित है.
किसान, वैज्ञानिक और पूर्व सैनिक होंगे शामिल
सम्मेलन में किसान, कृषि वैज्ञानिक, पूर्व सैनिक, युवा, कृषि उद्यमी और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हितधारक शामिल होंगे. कार्यक्रम का उद्देश्य कृषि विज्ञान, राष्ट्रसेवा, सैनिक कल्याण और ग्रामीण विकास के बीच समन्वय को बढ़ावा देना है.
कृषि विज्ञान केंद्र, पिपराकोठी की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में विश्वविद्यालयों, आइसीएआर संस्थानों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों की भी सहभागिता होगी.
राधा मोहन सिंह की रहेगी विशेष उपस्थिति
कार्यक्रम में सांसद सह पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री तथा रक्षा संबंधी स्थायी समिति के अध्यक्ष राधा मोहन सिंह की विशेष उपस्थिति रहेगी.
इसके अलावा डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के कुलपति डॉ. पीएस पांडेय, झारखंड एवं बिहार सब एरिया, दानापुर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल जितेंद्र सिंह, वीएसएम तथा मध्य कमान, लखनऊ के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता समेत कई अधिकारी मौजूद रहेंगे.
कृषि और रक्षा क्षेत्र के बीच समन्वय पर जोर
सम्मेलन में प्रगतिशील किसानों, कृषि उद्यमियों, पूर्व सैनिकों, युवाओं और वैज्ञानिकों की सहभागिता होगी. कार्यक्रम के माध्यम से कृषि क्षेत्र में विज्ञान और तकनीक के उपयोग के साथ ग्रामीण विकास तथा सैनिक कल्याण से जुड़े विषयों को भी मंच मिलेगा.
यह भी पढ़ें: मोतिहारी: मां-बाप ने डेढ़ लाख में नवजात को बेचा, आशा कार्यकर्ता समेत पांच गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए