वीरगंज में गहवा माई की भव्य रथ यात्रा, हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा; लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

प्रेस वार्ता में शामिल आयोजन समिति के सदस्य
नेपाल के वीरगंज में श्री गहवा माई मंदिर में चौथी विशाल रथ यात्रा और धार्मिक महोत्सव 16-17 जुलाई को आयोजित होने जा रही है। इस दो दिवसीय आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है, जिसमें हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा और भव्य भजन संध्या मुख्य आकर्षण होंगे।
Gahwa Mai Rath Yatra: नेपाल के मधेश प्रदेश स्थित श्री गहवा माई मंदिर, वीरगंज में आयोजित होने वाली चौथी विशाल रथ यात्रा एवं धार्मिक महोत्सव (विक्रम संवत् 2083) की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. आयोजक श्री गहवा माई तीर्थ क्षेत्र विकास समिति के अनुसार 16 और 17 जुलाई को होने वाले दो दिवसीय आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है.
16 जुलाई को निकलेगी भव्य रथ यात्रा
समिति ने बताया कि 16 जुलाई की सुबह 7:30 बजे मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद रथ यात्रा का शुभारंभ होगा.
इस बार रथ यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा होगी. यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए जाएंगे, जिससे आयोजन और भी भव्य बनेगा.
शाम को होगी भजन संध्या
रथ यात्रा के बाद उसी दिन शाम को मंदिर परिसर में देश के प्रसिद्ध भजन गायकों की प्रस्तुति के साथ भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा.
17 जुलाई को 56 भोग और महाप्रसाद
धार्मिक महोत्सव के दूसरे दिन 17 जुलाई की सुबह 6 बजे से 56 भोग पूजा आयोजित होगी.
इसके बाद शाम 4 बजे से विशाल महाप्रसाद भंडारा शुरू होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है.
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था
आयोजक समिति ने बताया कि रथ यात्रा के दौरान भीड़ और यातायात को देखते हुए मुख्य सड़क पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण और तोड़फोड़ के कार्य को अस्थायी रूप से रोकने के लिए संबंधित सड़क डिवीजन कार्यालय को पत्र भेजा गया है.
नागरिकों से की सहयोग की अपील
समिति ने वीरगंज के सामाजिक, धार्मिक, व्यावसायिक और नागरिक संगठनों से रथ यात्रा में सक्रिय भागीदारी की अपील की है.
रथ यात्रा मार्ग पर रहने वाले लोगों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर कलश स्थापना, तोरण सजावट और दीप प्रज्ज्वलित कर माता का स्वागत करने का आग्रह किया गया है. साथ ही श्रद्धालुओं के लिए पीने का पानी, शरबत और अन्य सेवा कार्यों की व्यवस्था करने की भी अपील की गई है.
पत्रकार सम्मेलन में महिला संयोजक विभा साह, संयोजक बसंत कुमार गुप्ता, प्रचार-प्रसार उपसमिति के संयोजक श्याम प्रसाद गुप्ता, समिति के अध्यक्ष श्याम पोखरेल, सचिव लक्ष्मीनारायण गुप्ता (पप्पू गुप्ता) सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.
समिति का कहना है कि गहवा माई की रथ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि वीरगंज की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक सद्भाव और सामुदायिक एकता का प्रतीक है. इसलिए अधिक से अधिक लोगों से इस आयोजन में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की गई है.

यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










