पूर्वी चंपारण में 150 राजस्व कर्मचारियों का तबादला, 17 जुलाई तक करना होगा जॉइन

बिहार में 150 राजस्व कर्मचारियों का तबादला
मोतिहारी सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूर्वी चंपारण में 150 राजस्व कर्मचारियों का तबादला किया है. यह तबादला कर्मचारियों की मांगों और पारस्परिक अनुरोधों पर आधारित है, जिसका उद्देश्य कार्यकुशलता बढ़ाना है.
Motihari RO Transfer: बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए पूर्वी चंपारण जिले में बड़े पैमाने पर राजस्व कर्मचारियों का तबादला किया है. विभाग की ओर से जारी आदेश के तहत जिले के करीब 150 राजस्व कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया है. यह कार्रवाई 'बिहार राजस्व कर्मचारी संवर्ग नियमावली, 2025' के तहत की गई है.
कर्मचारियों की मांग पर हुआ तबादला
विभाग के अनुसार लंबे समय से कई राजस्व कर्मचारी अपने गृह जिले या पसंदीदा स्थान पर पदस्थापना की मांग कर रहे थे. इस बार स्थानांतरण प्रक्रिया में कर्मचारियों के अनुरोध, पारस्परिक तबादले और गृह जिले के निकट पदस्थापना को प्राथमिकता दी गई है. माना जा रहा है कि इससे कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और दाखिल-खारिज, भूमि संबंधी मामलों तथा राजस्व वसूली के कार्यों में तेजी आएगी.
17 जुलाई तक नए पद पर देना होगा योगदान
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर सचिव डॉ. महेंद्र पाल ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि स्थानांतरित कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से विरमित किया जाए. सभी कर्मचारियों को 17 जुलाई 2026 तक अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देना अनिवार्य होगा.
देरी पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई कर्मचारी निर्धारित तिथि तक नए पदस्थापन स्थल पर योगदान नहीं देता है, तो उसे स्वतः विरमित माना जाएगा. आदेश की अवहेलना या योगदान में देरी को अनुशासनहीनता मानते हुए संबंधित कर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढे़ं: पूर्वी चंपारण की हर पंचायत में खुलेगा सुधा बिक्री केंद्र, ये लोग कर सकते हैं अप्लाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










