पृथ्वी को हरा-भरा रखना सबका कर्तव्य, कुलपति के संदेश के साथ मोतिहारी में शुरू सेवा पखवाड़ा
पधारोपण करते केवीवी के अधिकारी व अन्य | Prabhat Khabar Network
मोतिहारी के महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय में 'सेवा पखवाड़ा' का शुभारंभ किया गया. 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाई जा रही है.
Ek Ped Maa Ke Naam: मोतिहारी स्थित महात्मा गाँधी केंद्रीय विश्वविद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 'सेवा पखवाड़ा' का भव्य शुभारंभ किया गया. यह विशेष सेवा पखवाड़ा 17 सितम्बर से लेकर 2 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा. इस पखवाड़े के अंतर्गत पृथ्वी को हरा-भरा बनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति आम जनमानस में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण सहित कई अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
Tree plantation Motihari: 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत रोपे गए पौधे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के खास अवसर पर उनके द्वारा शुरू किए गए 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत विश्वविद्यालय परिसर में बृहद पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव का उत्साहपूर्ण सहयोग और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ.
पृथ्वी को मां के समान सम्मान देना हमारा कर्तव्य: कुलपति
कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने 'एक पेड़ मां के नाम' कार्यक्रम की संकल्पना की सराहना करते हुए अपना संदेश प्रेषित किया. उन्होंने कहा कि हमारी पृथ्वी भी माँ के समान ही आदरणीय है. पृथ्वी हमें एक मां की तरह ही पोषित करती है, इसलिए पृथ्वी के प्रति भी मां का भाव रखना और इसे हरा-भरा रखना हम सभी मनुष्यों का परम कर्तव्य है. इसी में संपूर्ण मानव जाति का कल्याण निहित है. उन्होंने याद दिलाया कि इसी कर्तव्य बोध को जागृत करने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा 5 जून 2024 को इस महाभियान का शुभारंभ किया गया था.
पर्यावरण संरक्षण का लिया गया संकल्प
विश्वविद्यालय के मुख्य कुलानुशासक प्रो. प्रसून दत्त सिंह ने भी इस अभियान की भूरि-भूरि प्रशंसा की. उन्होंने इसके स्वरूप, उद्देश्य और दूरगामी परिणामों की सूक्ष्म विवेचना करते हुए सभी प्रतिभागियों को संबोधित किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया.
इस अवसर पर नोडल अधिकारी डॉ. बबलू पाल के साथ विभिन्न विभागों के शिक्षक उपस्थित रहे. इनमें प्रो. सुनील महावर, डॉ. जुगल किशोर दाधीच, डॉ. मृत्युंजय सिंह, डॉ. अनुपम कुमार वर्मा, डॉ. नरेंद्र सिंह, प्रो. श्याम कुमार झा, डॉ. मणि शंकर द्विवेदी, डॉ. विश्वजीत बर्मन, डॉ. गोविंद प्रसाद वर्मा, डॉ. ओमप्रकाश गुप्ता, डॉ. रामलाल बगाड़िया और डॉ. अंबिकेश त्रिपाठी शामिल थे. पौधरोपण कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया.
यह भी पढ़ें... सोशल मीडिया पर नाबालिग की फोटो वायरल करने का मामला, मोतिहारी साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए