बिजली बिल से परेशान हैं तो यह खबर आपके काम की, सोलर मेले में ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन और सब्सिडी की जानकारी
अधीक्षण अभियंता का स्वागत करते स्थानीय पदाधिकारी
रक्सौल में 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' को बढ़ावा देने के लिए एक दिवसीय सोलर मेले का आयोजन किया गया. उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर सिस्टम, सरकारी सब्सिडी और सौर ऊर्जा से होने वाले आर्थिक लाभ की विस्तृत जानकारी दी गई. मेले में ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की भी सुविधा रही.
Raxaul News: केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' को जन-जन तक पहुंचाने और स्वच्छ सौर ऊर्जा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) के विद्युत आपूर्ति प्रमंडल रक्सौल द्वारा शुक्रवार को एक दिवसीय 'सोलर मेला' आयोजित किया गया. मेले में सीमावर्ती क्षेत्र के बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ताओं ने भाग लेकर रूफटॉप सोलर सिस्टम, सरकारी सब्सिडी, तकनीकी चयन और सौर ऊर्जा से होने वाले आर्थिक लाभ की विस्तृत जानकारी हासिल की.
आपके शहर में
अधीक्षण अभियंता ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

कार्यक्रम के दौरान विद्युत आपूर्ति अंचल के अधीक्षण अभियंता राकेश रौशन ने हरी झंडी दिखाकर विशेष जागरूकता रथ को रवाना किया.
यह रथ रक्सौल नगर परिषद सहित ग्रामीण इलाकों में भ्रमण कर आम लोगों को योजना के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करेगा. अधीक्षण अभियंता ने कहा कि सौर ऊर्जा भविष्य की अनिवार्य आवश्यकता है. इससे पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम होगी और उपभोक्ताओं के मासिक बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आएगी. उन्होंने अधिकारियों को प्रचार अभियान तेज करने के निर्देश दिए.
मौके पर ही ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन
मेले में उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए सरकार द्वारा अधिकृत सोलर कंपनियों के वेंडरों के विशेष स्टॉल लगाए गए थे.
- ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण: इच्छुक उपभोक्ताओं का मौके पर ही योजना के तहत रजिस्ट्रेशन किया गया.
- सिस्टम का चयन: विशेषज्ञों ने घर की दैनिक विद्युत खपत के अनुसार उचित क्षमता (किलोवाट) के पैनल के चयन, रूफटॉप इंस्टॉलेशन और रख-रखाव के तकनीकी पहलू समझाए.
- सब्सिडी प्रावधान: योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार से मिलने वाली सीधी वित्तीय सब्सिडी की शर्तों से उपभोक्ताओं को अवगत कराया गया.
बिल सुधार काउंटर पर शिकायतों का हुआ त्वरित निष्पादन
सोलर मेले में केवल सौर ऊर्जा की जानकारी ही नहीं दी गई, बल्कि उपभोक्ताओं की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए 'बिजली बिल सुधार काउंटर' भी लगाया गया.
विभागीय कर्मियों ने मौके पर उपभोक्ताओं के अत्यधिक बिल आने, मीटर रीडिंग में त्रुटि और बिल संशोधन से संबंधित शिकायतों की जांच कर उनका त्वरित समाधान किया. इस मौके पर विद्युत कार्यपालक अभियंता अजय कुमार, सहायक विद्युत अभियंता सुनील कुमार, आईटी मैनेजर सुजीत कुमार, शहरी जेई रवि कुमार, ग्रामीण जेई मनीष कुमार, रामगढ़वा जेई मिर्जा गालिब सहित सभी कर्मी और उपभोक्ता मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: घास काटते वक्त पति से वीडियो कॉल कर रही थी 8 माह की गर्भवती, पड़ोस की महिलाओं ने कर दी पिटाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए