बाबूबरही में सर्पदंश से युवक की मौत, एंटी स्नेक वेनम नहीं मिलने का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

प्रतीकात्मक तस्वीर
मैनापट्टी गांव में सर्पदंश से 23 वर्षीय उदित कुमार की दुखद मौत हो गई. ग्रामीणों का आरोप है कि समय पर एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध नहीं था, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था सवालों के घेरे में है. यह घटना स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और तत्परता पर गंभीर प्रश्न उठाती है.
Madhubani News: बाबूबरही प्रखंड के महेशवाड़ा पंचायत अंतर्गत मैनापट्टी गांव में शुक्रवार रात सर्पदंश से 23 वर्षीय युवक उदित कुमार की मौत हो गई. समय पर एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध नहीं होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.
घर के बाहर सांप ने डंसा
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात भोजन करने के बाद उदित कुमार घर के दरवाजे पर गए थे. इसी दौरान उनके बाएं पैर में किसी विषैले सांप ने काट लिया. परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए खजौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे.
रास्ते में हुई मौत
परिजनों का आरोप है कि खजौली सीएचसी में सर्पदंश की दवा एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध नहीं थी. वहां मौजूद चिकित्सकों ने उन्हें मधुबनी सदर अस्पताल रेफर कर दिया. परिजन उन्हें लेकर सदर अस्पताल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया.
दो माह पहले हुई थी शादी
मृतक उदित कुमार की शादी करीब दो माह पहले करहरवा गांव में हुई थी. वह चार भाई-बहनों में सबसे बड़े थे. उनकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










