पुलिस को देखते ही भागने लगा युवक, तलाशी ली तो कमर से निकले दो देसी कट्टा और 5 कारतूस
फोटो परिचय: गिरफ्तार आरोपी के साथ नरेहिया थानाध्यक्ष | Prabhat Khabar Network
भपटियाही में हथियार लेकर घूम रहे युवक को पुलिस ने पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसकी कमर से दो देसी कट्टा और जेब से पांच जिंदा कारतूस मिले. आरोपी के खिलाफ नरहिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है.
मधुबनी क्राइम: नरहिया थाना क्षेत्र के भपटियाही गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो अवैध देसी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, युवक लक्ष्मी हार्डवेयर दुकान के आसपास हथियार लेकर घूम रहा था और किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की तैयारी में था.
पुलिस को देखते ही भागने लगा युवक
एसपी योगेंद्र कुमार की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 13 अगस्त की शाम नरहिया थाना की पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि भपटियाही स्थित लक्ष्मी हार्डवेयर दुकान के आसपास एक व्यक्ति हथियार के साथ घूम रहा है.
सूचना की जानकारी वरीय अधिकारियों को देने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस वाहन को देखते ही वहां मौजूद एक व्यक्ति भागने लगा. पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. पूछताछ में उसने अपना नाम अजय कुमार साह, निवासी छजना, थाना नरहिया बताया.
तलाशी में मिले दो अवैध देसी कट्टे
पुलिस के अनुसार, युवक के भागने का कारण पूछने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. संदेह के आधार पर उसकी तलाशी ली गयी. तलाशी के दौरान उसकी कमर से दो देसी कट्टे बरामद हुए.
एक कट्टा लकड़ी से निर्मित बताया गया है, जिसे पैंट में बायीं तरफ खोंसा गया था. वहीं दूसरा कट्टा लोहे और लकड़ी से निर्मित था, जिसे कमर के दाहिनी तरफ पैंट में खोंसा गया था. इसके अलावा पैंट की जेब से पांच जिंदा कारतूस भी बरामद हुए.
हथियारों के नहीं दिखा सका कोई वैध कागजात
पुलिस ने बरामद दोनों हथियार और कारतूस से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन अजय कुमार साह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका. इसके बाद पुलिस ने हथियारों और कारतूस को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
नरहिया थाना में प्राथमिकी दर्ज
पुलिस आरोपी को थाने लेकर पहुंची और मामले में नरहिया थाना कांड संख्या 84/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आये थे और उसका इस्तेमाल किस वारदात में किया जाना था.
यह भी पढे़ं:
मधुबनी: जयनगर में किराना व्यवसायी से 5 लाख लूट का खुलासा, दो गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए







