2 सितंबर को मोबाइल चोरी, 3 सितंबर को खातों से निकले ₹2.44 लाख, 12 दिन बाद चला पता
सांकेतिक तस्वीर
खुंटौना के कुसमार गांव में मोबाइल चोरी होने के बाद पीड़ित के दो बैंक खातों से 2 लाख 44 हजार रुपये निकाले गए. साइबर अपराधियों ने घटना को अंजाम देकर पीड़ित को बड़ी चपत लगाई.
मधुबनी: खुटौना थाना क्षेत्र के कुसमार गांव निवासी दिलीप कुमार का मोबाइल चोरी होने के बाद साइबर अपराधियों ने उनके दो बैंक खातों से 2 लाख 44 हजार रुपये निकाल लिये. पीड़ित ने मधुबनी साइबर थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दी है. साइबर डीएसपी और थानाध्यक्ष अंकुर कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. तकनीकी जांच के आधार पर आरोपितों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
दिलीप कुमार ने बताया कि वह दो सितंबर 2026 को बस से कांवरियों को लेकर देवघर गए थे. इसी दौरान दो और तीन सितंबर की आधी रात बस में सोते समय किसी अज्ञात चोर ने उनका मोबाइल चोरी कर लिया. तीन सितंबर की सुबह मोबाइल चोरी होने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तत्काल मोबाइल में लगा सिम बंद करा दिया.
12 दिन बाद बैंक खाते चेक किए तो पता चला
देवघर से 12 सितंबर को घर लौटने के बाद दिलीप कुमार ने नया सिम लिया और अपने बैंक खातों की जांच की. जांच के दौरान उन्हें पता चला कि उनके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 14 हजार रुपये और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 2 लाख 30 हजार रुपये निकाल लिये गये हैं.
इस तरह दोनों बैंक खातों से कुल 2 लाख 44 हजार रुपये की अवैध निकासी की गयी.
3 सितंबर को ही निकाल ली गयी थी राशि
पीड़ित ने बताया कि दोनों खातों से राशि की निकासी तीन सितंबर को ही कर ली गयी थी. इसकी जानकारी उन्हें 12 सितंबर को मोबाइल दोबारा चालू कराने और बैंक खातों की जांच करने के बाद मिली.
जानकारी मिलते ही उन्होंने उसी दिन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करायी. इसके बाद मंगलवार को मधुबनी साइबर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया.
तकनीकी जांच से साइबर अपराधियों का पता लगाने की कोशिश
साइबर डीएसपी और थानाध्यक्ष अंकुर कुमार ने बताया कि पीड़ित का आवेदन प्राप्त हो गया है. मामले की जांच की जा रही है और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. तकनीकी जांच के आधार पर साइबर अपराधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा कर आरोपितों की गिरफ्तारी की बात कही है.
यह भी पढ़ें
दरभंगा के 4 थानों में अचानक पहुंचीं ग्रामीण एसपी साक्षी, डायल-112 से रात्रि गश्ती तक की जांच
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए