मधुबनी के दो पुस्तकालयों को विशेष रूप से विकसित करने की घोषणा, जानें पूरी योजना
पुस्तकालय भवन का शिलान्यास करते विधान पार्षद सर्वेश कुमार (फोटो- प्रभात खबर)
राजनगर पब्लिक पुस्तकालय भवन के शिलान्यास के दौरान विधान पार्षद सर्वेश कुमार ने पुस्तकालयों की नई भूमिका बताई. उन्होंने कहा कि पुस्तकालयों को सिर्फ पढ़ाई की जगह नहीं, बल्कि सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों के बहुद्देश्यीय केंद्र के रूप में विकसित करना जरूरी है.
मधुबनी न्यूज: पुस्तकालय अब सिर्फ किताबें पढ़ने की जगह नहीं रहेंगे, बल्कि उन्हें समाज की बदलती जरूरतों के अनुसार बहुद्देश्यीय सामाजिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करना होगा. यह बात दरभंगा स्नातक क्षेत्र के विधान पार्षद सर्वेश कुमार ने राजनगर पब्लिक पुस्तकालय प्रांगण में पुस्तकालय भवन के शिलान्यास के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कही.
आपके शहर में
सामाजिक बदलाव के साथ बदलनी होगी पुस्तकालयों की भूमिका
विधान पार्षद सर्वेश कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में समाज तेजी से बदल रहा है और नई सामाजिक चुनौतियां सामने आ रही हैं. ऐसे में समाज को भी बदलती परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालना होगा. उन्होंने कहा कि देश के सकल घरेलू उत्पाद में आने वाले उतार-चढ़ाव का असर सामाजिक परिस्थितियों पर भी पड़ता है. इसलिए समाज के विकास के लिए ऐसे सार्वजनिक स्थानों की जरूरत है, जहां लोग सिर्फ अध्ययन ही नहीं, बल्कि विभिन्न सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों से भी जुड़ सकें.
उन्होंने कहा कि पुस्तकालय प्रांगण को बहुद्देश्यीय सामाजिक केंद्र के रूप में विकसित करना आज के समय की जरूरत है. यहां अध्ययन के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता, संवाद, सांस्कृतिक और अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा सकता है.
10 पुस्तकालयों को विकसित करने की घोषणा
इस मौके पर विधान पार्षद ने अपने निर्वाचन क्षेत्र के चारों जिलों में स्थित चुनिंदा 10 पुस्तकालयों को विशेष ढंग से विकसित करने की घोषणा की. इस योजना में मधुबनी जिले के राजनगर पब्लिक पुस्तकालय और जयनगर के आर्य पुस्तकालय को भी शामिल किया गया है.
उनकी इस घोषणा से पुस्तकालय से जुड़े लोगों और स्थानीय नागरिकों में उत्साह देखा गया. माना जा रहा है कि पुस्तकालयों के विकास से विद्यार्थियों, युवाओं और आम लोगों को अध्ययन और सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी.
पुस्तकालय भवन के शिलान्यास के बाद हुई सभा
राजनगर पब्लिक पुस्तकालय परिसर में नए भवन के शिलान्यास के बाद आयोजित सभा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. सभा की अध्यक्षता उप प्रमुख गोपाल धिरासरिया ने की, जबकि संचालन प्रमोद कुमार सर्राफ ने किया. पुस्तकालय सचिव मौसम गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन किया.
सभा को जगदीश देव, भाजपा मंडलाध्यक्ष सुमन कुमार झा, रामेश्वर गुप्ता, प्रदेश भाजपा नेता अमरनाथ प्रसाद और मृत्युंजय कुमार कुंदन समेत कई लोगों ने भी संबोधित किया.
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि नए भवन और विशेष विकास योजना से राजनगर पब्लिक पुस्तकालय क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सामाजिक एवं बौद्धिक केंद्र के रूप में उभरेगा.
यह भी पढ़ें:
मधुबनी में देर शाम हुई बड़ी समीक्षा बैठक, डीएम ने पेंडिंग मामलों की खोली फाइल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए