स्वास्थ्य विभाग का बड़ा फैसला: रोस्टर ड्यूटी से गायब रहने वाले डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों पर होगी सख्त कार्रवाई
सदर अस्पताल, मधुबनी, प्रतीकात्मक तस्वीर
स्वास्थ्य विभाग ने सरकारी अस्पतालों में सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं. अब रोस्टर ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों पर त्वरित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. 24 घंटे इमरजेंसी और ICU सेवा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है.
Madhubani Government Hospital: जिले के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है. सिविल सर्जन सह सदस्य सचिव, जिला स्वास्थ्य समिति ने जिले के सभी चिकित्सकों और चिकित्सा कर्मियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार शत-प्रतिशत ड्यूटी पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया है.
24 घंटे इमरजेंसी और ICU सेवा पर जोर
निर्देश का उद्देश्य सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है. इसके साथ ही रेफरल व्यवस्था को मजबूत करने तथा गंभीर मरीजों के लिए ICU की क्रियाशीलता और 24 घंटे इमरजेंसी सेवा सुनिश्चित करने को कहा गया है.
स्वास्थ्य विभाग का जोर इस बात पर है कि गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को समय पर चिकित्सकीय सहायता मिले और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च स्वास्थ्य संस्थान में रेफर करने की व्यवस्था भी सुचारु रहे.
कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से होगी निगरानी
ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों पर नजर रखने के लिए तकनीकी निगरानी व्यवस्था लागू की गयी है. अस्पतालों की ओपीडी, आईपीडी और इमरजेंसी ड्यूटी की पटना स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से निगरानी की जाएगी.
अनुश्रवण के दौरान रोस्टर के अनुसार ड्यूटी के समय कोई चिकित्सक या कर्मी अनुपस्थित पाया जाता है तो इसकी रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को भेजी जाएगी. ऐसे कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार त्वरित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.
सभी अस्पताल प्रभारियों को अनुपालन का निर्देश
सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने सभी प्रभारी अधीक्षकों, अस्पताल प्रबंधकों तथा सदर अस्पताल, बेनीपट्टी, जयनगर, झंझारपुर और फुलपरास अनुमंडलीय अस्पतालों के अलावा सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश जारी किया है.
उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सकों और कर्मियों को निर्देशों की जानकारी देते हुए अस्पतालों में इसका पूरी तरह अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि मरीजों को इलाज के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.
यह भी पढ़ें: बेनीपट्टी में लो वोल्टेज की समस्या होगी दूर, ट्रांसफार्मर अपग्रेड का प्रस्ताव
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










