मधुबनी: दौड़ के ट्रैक में ईंट-पत्थर, खेल सामग्री भी नदारद, छात्रों ने किया खेल महोत्सव का बहिष्कार
खेल महोत्सव में आक्रोशित प्रतिभागी छात्र-छात्राएं | Prabhat Khabar Network
सीएमबी कॉलेज में प्रस्तावित खेल महोत्सव कुव्यवस्था की भेंट चढ़ गया. ट्रैक पर ईंट-पत्थर, खेल सामग्री की कमी और खेल पदाधिकारी के अमर्यादित व्यवहार से नाराज छात्रों ने महोत्सव का बहिष्कार कर दिया. उन्होंने राशि के दुरुपयोग की जांच की मांग की है.
घोघरडीहा: सीएमबी कॉलेज घोघरडीहा में मंगलवार को प्रस्तावित खेल महोत्सव कुव्यवस्था की वजह से विवादों में आ गया. विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए छात्र-छात्राएं कॉलेज परिसर पहुंचे थे, लेकिन आयोजन के लिए समुचित व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाते हुए प्रतिभागियों ने खेल महोत्सव का बहिष्कार कर दिया.
आपके शहर में
दौड़ के मैदान में ईंट-पत्थर मिलने पर भड़के छात्र
छात्रों के अनुसार, दौड़ प्रतियोगिता के लिए मैदान को ट्रैक्टर से जोता गया था. मैदान में ईंट-पत्थर पड़े होने के कारण प्रतिभागियों को परेशानी हुई. छात्रों का आरोप है कि ऐसी स्थिति में दौड़ प्रतियोगिता आयोजित कराना सुरक्षित नहीं था.
प्रतिभागियों ने यह भी आरोप लगाया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए आवश्यक खेल सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गयी थी. आयोजन को लेकर भी पर्याप्त तैयारी नहीं दिखी. इससे प्रतियोगिता में शामिल होने पहुंचे छात्र-छात्राओं में नाराजगी बढ़ गयी और उन्होंने खेल महोत्सव का बहिष्कार कर दिया.
खेल पदाधिकारी के व्यवहार पर भी जतायी नाराजगी
कुव्यवस्था की शिकायत करने छात्र खेल पदाधिकारी दिनेश प्रसाद गुप्ता के पास पहुंचे. छात्रों ने आरोप लगाया कि शिकायत के दौरान उनका व्यवहार सम्मानजनक नहीं था. छात्रों के अनुसार, खेल पदाधिकारी कुर्सी पर पैर रखकर बैठे रहे. इसको लेकर भी प्रतिभागियों में नाराजगी जतायी गयी.
खेल मद की राशि के उपयोग की जांच की मांग
छात्रों ने खेल महोत्सव के लिए मिलने वाली राशि के कथित गबन का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. छात्रों का कहना है कि यदि आयोजन के लिए राशि उपलब्ध करायी गयी थी, तो उसके उपयोग और प्रतियोगिता की तैयारियों की भी जांच होनी चाहिए.
छात्रसंघ पदाधिकारी ने प्राचार्य को दिया आवेदन
मामले को लेकर छात्रसंघ पदाधिकारी जितेंद्र कुमार यादव ने कॉलेज के प्राचार्य को आवेदन दिया है. इसमें छात्रों के लिए खेल प्रतियोगिता आयोजित कराने को लेकर आवश्यक संसाधन और समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की गयी है. साथ ही खेल आयोजन में कथित अनियमितता की जांच कराने की मांग भी की गयी है.
इस संबंध में खेल पदाधिकारी दिनेश प्रसाद गुप्ता का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका.
यह भी पढ़ें
मधुबनी: गंदे पानी से घिरा स्कूल, 75 बच्चे चचरी के सहारे पढ़ने को मजबूर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए