मधुबनी में नया पावर ट्रांसफार्मर चालू करने के लिए आज भी रहेगी बिजली आपूर्ति बाधित
विद्युत उप शक्ति केंद्र में काम कर रहे मिस्त्री, | Prabhat Khabar Network
मधुबनी में नया पावर ट्रांसफार्मर चालू होने वाला है, जिससे बिजली आपूर्ति में सुधार होगा. इस काम के लिए शहर के सभी फीडर बुधवार और गुरुवार को कुछ घंटों के लिए बंद रहेंगे. बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से पानी स्टोर करने की अपील की है.
Power transformer installation: मधुबनी शहर के उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति प्रदान करने के उद्देश्य से बिजली विभाग द्वारा विद्युत उप शक्ति केंद्र में एक नया पावर ट्रांसफार्मर एक माह पूर्व स्थापित किया गया था. हालांकि, 33 हजार लाइन का तार, बसवार, फ्यूज कनेक्टर और जम्फर का काम पूरा नहीं होने के कारण यह ट्रांसफार्मर पिछले एक महीने से बंद पड़ा था और इससे बिजली आपूर्ति नहीं हो रही थी.
आपके शहर में
Madhubani News: बुधवार और गुरुवार को बंद रहेंगे शहर के सभी फीडर
विभाग के कार्यपालक अभियंता मो. अरमान ने जानकारी दी कि इस नए पावर ट्रांसफार्मर को चालू करने के लिए बुधवार और गुरुवार को शहर के सभी फीडर सुबह के समय बंद रखे जाएंगे. इसी क्रम में बुधवार को शहर के सभी 6 फीडर की लाइनें लगातार तीन घंटे तक बंद रहीं, जिससे मेंटेनेंस और तकनीकी जोड़ने का कार्य किया गया.
नया ट्रांसफार्मर चालू होने से ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग से मिलेगी राहत
कार्यपालक अभियंता ने बताया कि वर्तमान में विद्युत उप शक्ति केंद्र में तीन 10 एमवीए के पावर ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं, लेकिन गर्मियों और लोड बढ़ने के कारण अक्सर आपूर्ति में कठिनाई आती है. नया पावर ट्रांसफार्मर चालू हो जाने से अत्यधिक लोड वाले ट्रांसफार्मरों का बोझ कम किया जा सकेगा. लोड का सही वितरण होने से शहर में बार-बार बिजली ट्रिप करने की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी.
गुरुवार को भी सुबह 5 से 8 बजे तक रहेगी बिजली बाधित
कार्यपालक अभियंता ने बताया कि पावर ट्रांसफार्मर में कोशी फीडर और मंगरौनी फीडर की लाइनों को जोड़ने के लिए गुरुवार यानी आज सुबह 5 बजे से दिन के 8 बजे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी. उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय से पहले अपने घरों में पानी स्टोर कर लें ताकि कटौती के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
सुबह के वक्त ही मेंटेनेंस का काम करने का निर्णय
विद्युत विभाग ने यह स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए अब आगे से सभी तरह के जरूरी मेंटेनेंस कार्य सुबह के वक्त ही निपटाए जाएंगे. दिन के समय बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है.
यह भी पढ़ें...मधुबनी: मरीज के परिजन को चप्पल से पीटने वाली ऑपरेटर पर गिरेगी गाज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए