मधेपुर के राधिकापुर में फ्लड फाइटिंग कार्य से 500 घर सुरक्षित,कोसी के कटाव से मिली बड़ी राहत

Updated:
विज्ञापन

मधेपुर के राधिकापुर में फ्लड फाइटिंग कार्य से 500 घर सुरक्षित,कोसी के कटाव से मिली बड़ी राहत

मधुबनी के मधेपुर प्रखंड के राधिकापुर गांव को कोसी नदी के बढ़ते कटाव से बड़ी राहत मिली है। जल संसाधन विभाग द्वारा कराए गए फ्लड फाइटिंग कार्य ने करीब 500 घरों को सुरक्षित कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की तत्परता की सराहना की है।

विज्ञापन

मधुबनी के मधेपुर से सुरेश यादव की रिपोर्ट

आपके शहर में

विज्ञापन

Madhepur Flood Fighting: कोसी नदी के भीषण कटाव से जूझ रहे मधेपुर प्रखंड के बकुआ पंचायत अंतर्गत राधिकापुर गांव के लोगों ने अब जाकर राहत की सांस ली है. जल संसाधन विभाग द्वारा राधिकापुर विद्यालय परिसर में कराए गए फ्लड फाइटिंग कार्य के बाद अब यह पूरा गांव सुरक्षित हो गया है. इस सुरक्षात्मक कार्य से लगभग 500 आवासीय घरों को कोसी नदी के तेज कटाव की जद में आने से बचाया जा सका है. पिछले कई वर्षों से कोसी नदी में लगातार हो रहे तीव्र कटाव के कारण पानी का सीधा दबाव राधिकापुर गांव की तरफ बढ़ रहा था.

प्रशासन की तत्परता से टली तबाही,स्कूल और मोहल्ला सुरक्षित 

गंभीर स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने समय रहते त्वरित संज्ञान लिया. झंझारपुर डिवीजन संख्या-2 के माध्यम से मीरा कंस्ट्रक्शन के द्वारा राधिकापुर विद्यालय के पास युद्धस्तर पर फ्लड फाइटिंग का कार्य कराया गया. स्थानीय निवासी सुरेश सदाय ने बताया कि अगर यह कार्य समय पर पूरा नहीं होता,तो सैकड़ों आवासीय घर कोसी नदी में विलीन हो जाते. नदी का खतरनाक कटाव स्थानीय स्कूल के बिल्कुल नजदीक तक पहुंच चुका था. विभाग और जिला प्रशासन की तत्परता से आज हमारा पूरा स्कूल और आसपास का पूरा मोहल्ला सुरक्षित है.

सुरेश,बेचु और राजकुमार के घरों पर मंडरा रहा था सबसे बड़ा खतरा 

ग्रामीणों ने बताया कि सुरेश सदाय,बेचु सदाय और राजकुमार सदाय के घर कोसी नदी के सबसे नजदीक थे. नदी के तेज कटाव के कारण इन गरीब परिवारों पर विस्थापन का सबसे ज्यादा खतरा मंडरा रहा था. अब फ्लड फाइटिंग कार्य संपन्न हो जाने के बाद ये सभी परिवार खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं. गांव के लोगों का कहना है कि हर साल बरसात शुरू होते ही उन्हें पलायन का डर सताने लगता था. बच्चे,बुजुर्ग और मवेशी सभी गहरे दहशत में जीने को मजबूर थे. अब कार्य पूरा होने के बाद गांव में खुशी का माहौल है.

मानसून के दौरान नदी के जलस्तर पर रखी जाएगी विशेष नजर 

स्थानीय ग्रामीणों ने एकजुट होकर जल संसाधन विभाग, झंझारपुर डिवीजन और जिला अधिकारी को इस त्वरित पहल के लिए धन्यवाद दिया है. ग्रामीणों ने आगे भी नदी के कटाव पर लगातार निगरानी रखने और नियमित मरम्मत की मांग की है. इधर विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मानसून के दौरान इस पूरे संवेदनशील इलाके पर विशेष नजर रखी जाएगी और आपात स्थिति में जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षात्मक उपाय भी तुरंत किए जाएंगे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन