मधुबनी में चेन स्नैचिंग गिरोह का खुलासा, लूटी सोने की चेन बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
प्रेस को जानकारी देते एसपी योगेंद्र कुमार | Prabhat Khabar Network
मधुबनी में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर वृद्ध महिला से सोने की चेन लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई चेन, मोटरसाइकिल और मोबाइल बरामद किया है. भीड़ ने एक बदमाश को पकड़कर पुलिस को सौंपा था.
मधुबनी: नगर थाना क्षेत्र में वृद्ध महिला से सोने की चेन झपटकर भाग रहे गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने 24 घंटे के अंदर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने इनके पास से लूटी गयी सोने की चेन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक मोबाइल बरामद किया है.
भीड़ ने भाग रहे बदमाश को पकड़कर पुलिस को सौंपा
सोमवार को एसपी योगेंद्र कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि घटना 13 सितंबर रविवार की है. नगर थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के पास सब्जी मंडी में बाइक सवार बदमाश एक वृद्ध महिला के गले से चेन छीनकर भाग रहे हैं.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई. इसी दौरान प्रधान डाकघर के पास पुलिस ने देखा कि भीड़ ने एक व्यक्ति को घेर रखा है. लोगों ने पुलिस को बताया कि यही वह व्यक्ति है, जो महिला से चेन छीनकर भाग रहा था. उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गये थे.
भीड़ द्वारा पकड़े गये व्यक्ति की पहचान रवि कुमार राय, पिता बिरेन्द्र राय उर्फ बिरेन्द्र नट, मूल निवासी बिरगंज, थाना नगवॉ, जिला परसा (नेपाल) के रूप में हुई. वर्तमान में वह अपने ससुराल ग्राम मुरलियाचक बजराहा, थाना पतौना, जिला मधुबनी में रह रहा था.
पूछताछ में साले समेत अन्य साथियों का पता चला
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में रवि कुमार राय ने बताया कि वह अपने साले और अन्य दोस्तों के साथ मिलकर चोरी और छिनतई करता है. पीड़िता के लिखित आवेदन पर नगर थाना कांड संख्या 446/2026, धारा 304(2)/3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी.
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने विशेष टीम का गठन किया. तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर टीम ने रवि के साले राजेश कुमार राय, पिता कैलाश नट, निवासी मुरलियाचक बजराहा, थाना पतौना को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया.
निशानदेही पर लूटी चेन और बाइक बरामद
पुलिस ने बताया कि राजेश कुमार राय की निशानदेही पर लूटी गयी सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गयी. पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि इस गिरोह के खिलाफ जयनगर थाना, आरएस शिविर थाना एवं बेता थाना में पूर्व से भी मामले दर्ज हैं. पुलिस गिरोह के आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें
निर्माणाधीन NH पर बाइक से आ रहे थे दो युवक, पुलिस ने रोका तो 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए