बिहार STF व पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 200 ग्राम ब्राउन शुगर और 1.59 लाख नेपाली मुद्रा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
ब्राउन शुगर व नेपाली मुद्रा के साथ गिरफ्तार अपराधी | Prabhat Khabar Network
मधुबनी पुलिस और बिहार एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 200 ग्राम ब्राउन शुगर, 1.59 लाख नेपाली मुद्रा और तीन मोबाइल फोन के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. यह खेप मालदा से लाकर नेपाल में सप्लाई की जानी थी, जिससे एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है.
Brown Sugar Seized: जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मधुबनी पुलिस और बिहार एसटीएफ, पटना की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है. बुधवार शाम जयनगर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 200 ग्राम ब्राउन शुगर, 1.59 लाख रुपये की नेपाली मुद्रा, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया.
मालदा से नेपाल तक फैले नेटवर्क का खुलासा
एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपी ने खुलासा किया है कि बरामद ब्राउन शुगर पश्चिम बंगाल के मालदा से लाकर नेपाल में सप्लाई की जाती थी. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी है.
गुप्त सूचना पर हुई संयुक्त कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर 3 अगस्त को जयनगर थाना पुलिस और बिहार एसटीएफ की संयुक्त टीम ने खैरामठ गांव स्थित एक संदिग्ध घर की घेराबंदी कर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान धर्मेंद्र कुमार चोरवाल, संतोष कुमार यादव और शुभम कुमार को गिरफ्तार किया गया.
ब्राउन शुगर, नेपाली मुद्रा और बाइक बरामद
तलाशी के दौरान धर्मेंद्र कुमार चोरवाल और संतोष कुमार यादव के पास से चार पारदर्शी प्लास्टिक की थैलियों में पैक 200 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई. वहीं धर्मेंद्र कुमार के पास से 1,59,000 रुपये की नेपाली मुद्रा और दो मोबाइल फोन भी मिले. मौके से दो मोटरसाइकिल और एक अन्य मोबाइल भी जब्त किया गया.
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
पूछताछ में धर्मेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि बरामद ब्राउन शुगर मालदा (पश्चिम बंगाल) निवासी अती उल इस्लाम नामक व्यक्ति उपलब्ध कराता था, जिसे नेपाल में बेचा जाता था.
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान धर्मेंद्र कुमार चोरवाल (खैरामठ), संतोष कुमार यादव (कमलाबाड़ी) और शुभम कुमार (खैरामठ), थाना जयनगर, जिला मधुबनी के रूप में हुई है.
इस मामले में जयनगर थाना कांड संख्या 374/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
यह भी पढ़ें: 200 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, सीमा पर संयुक्त अभियान में बड़ी सफलता
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए





