बाल हृदय योजना बनी सहारा, तीन बच्चों का होगा अहमदाबाद में मुफ्त इलाज

बाल हृदय योजना के तहत इलाज के लिए अहमादाबाद जाते परिजनों के साथ बच्चे
बाल हृदय योजना के तहत, मधुबनी के तीन बच्चों को जन्मजात हृदय रोग के निःशुल्क इलाज के लिए अहमदाबाद भेजा गया है. स्वास्थ्य विभाग ने उनकी यात्रा और उपचार की पूरी व्यवस्था की है.
Madhubani News: जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए संचालित बाल हृदय योजना के तहत गुरुवार को मधुबनी जिले के तीन बच्चों को निःशुल्क इलाज के लिए अहमदाबाद भेजा गया. स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों के उपचार के साथ-साथ उनके सुरक्षित परिवहन की भी पूरी व्यवस्था की.
यह भी पढ़ें: टीबी मुक्त अभियान के तहत 185 मरीजों को मिली पोषण किट, एक लाख से अधिक लोगों की हुई स्क्रीनिंग
तीन बच्चों को मिला बेहतर इलाज का अवसर
योजना के तहत झंझारपुर प्रखंड के चनौरागंज निवासी रविशंकर प्रधान के पुत्र अंश प्रधान, बिस्फी प्रखंड के सिमरी निवासी कृष्णा कुमार के पुत्र सुधांशु कुमार तथा पंडौल प्रखंड के कोठिया निवासी अली अहमद साह की पुत्री एनम प्रवीण को निःशुल्क हृदय उपचार के लिए अहमदाबाद भेजा गया.
तीनों बच्चों का इलाज अहमदाबाद स्थित श्री सत्य साई हृदय रोग अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: हाइपोग्लाइसीमिया के 24 मामले मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सभी अस्पतालों को विशेष निर्देश
102 एम्बुलेंस से पटना एयरपोर्ट तक पहुंचाए गए
आरबीएसके के जिला समन्वयक डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि सभी बच्चों को उनके अभिभावकों के साथ 102 एम्बुलेंस से घर से लाकर सुरक्षित रूप से पटना एयरपोर्ट पहुंचाया गया. वहां से उन्हें निर्धारित समय पर अहमदाबाद के लिए रवाना किया गया.
उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरी की गई.
अत्यावश्यक श्रेणी में की गई व्यवस्था
स्वास्थ्य विभाग ने इस कार्य को "अत्यावश्यक" श्रेणी में रखा था. संबंधित अधिकारियों और 102 एम्बुलेंस सेवा से जुड़े कर्मियों को बिना विलंब आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि बच्चों का इलाज समय पर शुरू हो सके.
गरीब परिवारों के लिए वरदान बनी योजना
सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने कहा कि बाल हृदय योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है. इस योजना के तहत जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों का विशेषज्ञ अस्पतालों में निःशुल्क इलाज कराया जाता है. साथ ही यात्रा और समन्वय की व्यवस्था भी सरकार की ओर से की जाती है, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ नहीं पड़ता.
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि जिले का कोई भी जरूरतमंद बच्चा बेहतर इलाज से वंचित न रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










