मंजौरा बाजार की जर्जर सड़क पर फूटा लोगों का गुस्सा, पानी में बैठकर किया विरोध प्रदर्शन

Updated:
विज्ञापन

मंजौरा बाजार में सड़क पर जमा पानी के बीच धरना देते ग्रामीण एवं समाजसेवी

समाजसेवी प्रमोद पासवान के नेतृत्व में ग्रामीणों एवं दुकानदारों ने मुख्य सड़क पर जमा पानी के बीच बैठकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।

विज्ञापन

उदाकिशुनगंज (मधेपुरा) से प्रतिनिधि की रिपोर्ट :

मधेपुरा: उदाकिशुनगंज अनुमंडल क्षेत्र के मंजौरा बाजार में वर्षों से जर्जर सड़क और बारिश के दिनों में जलजमाव की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। समाजसेवी प्रमोद पासवान के नेतृत्व में ग्रामीणों एवं दुकानदारों ने मुख्य सड़क पर जमा पानी के बीच बैठकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि मंजौरा बाजार की मुख्य सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। हल्की बारिश होते ही सड़क पर पानी और कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। कई बार लोग फिसलकर घायल भी हो चुके हैं।

स्थानीय ग्रामीण कमलेश मेहता ने बताया कि बरसात के समय सड़क पूरी तरह तालाब में तब्दील हो जाती है। बाजार आने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

इस दौरान समाजसेवी प्रमोद पासवान ने कहा कि मंजौरा बाजार क्षेत्र की यह समस्या वर्षों पुरानी है। कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक नरेंद्र नारायण यादव ने पूर्व में सड़क का मेट्रेबल कराने का आश्वासन दिया था। उनके निर्देश पर विभागीय अधिकारी स्थल निरीक्षण करने भी पहुंचे थे, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।

अजय शंकर सिंह ने कहा कि सड़क की बदहाली के कारण बाजार की रौनक भी प्रभावित हो रही है। बारिश के दिनों में लोग बाजार आने से कतराने लगते हैं। वहीं चंदन कुमार और मुकेश मेहता ने बताया कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण थोड़ी बारिश में भी सड़क पर घंटों पानी जमा रहता है।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन से अविलंब सड़क निर्माण एवं जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

धरना प्रदर्शन के बाद समाजसेवी श्रवण कुमार साह ने लोगों को जूस पिलाकर शांत कराया, जिसके बाद कार्यक्रम समाप्त हुआ।

प्रदर्शन में कमलेश मेहता, प्रमोद पासवान, अजय शंकर सिंह, चंदन कुमार, मुकेश मेहता, एऐनुल अंसारी, वीरेंद्र साह, आनंद कुमार, श्रवण कुमार, धर्मेंद्र साह, अर्जुन शाह, सुनील मेहता, रमेश शाह, त्रिलोकी मेहता, शंभू शाह, विपिन भगत, सुनील पोद्दार, राजकुमार पासवान, पिंटू ठाकुर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

विज्ञापन
Shruti Kumari

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन