एक्शन में मधेपुरा पुलिस : 24 घंटे में आठ गिरफ्तार, कट्टा व 14 कारतूस बरामद

पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पोस्ट | Prabhat Khabar Network
मधेपुरा पुलिस ने कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया है. पिछले 24 घंटे में 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें आर्म्स एक्ट के आरोपी भी शामिल हैं. अभियान के दौरान अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं.
मधेपुरा : जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए एसपी के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान में पिछले 24 घंटे के दौरान पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. अभियान के दौरान अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए. यह जानकारी मधेपुरा पुलिस कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई.
आर्म्स एक्ट के तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आर्म्स एक्ट के मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. बिहारीगंज थाना पुलिस ने एक देसी कट्टा बरामद किया, जबकि पुरैनी थाना पुलिस ने एक देसी कट्टा और 14 जिंदा कारतूस बरामद किए. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हथियार आपूर्ति नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है.
वारंटी और शराब पीने के आरोपी भी पकड़े गए
विशेष अभियान के दौरान पूर्व के मामलों में फरार चल रहे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. वहीं, न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर दो वारंटियों को भी गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेजा गया. शराबबंदी कानून के उल्लंघन के मामले में शराब सेवन के आरोप में एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया.
वाहन जांच में 48,500 रुपये जुर्माना
जिले के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान बिना हेलमेट, बिना वैध कागजात और ट्रिपल लोडिंग कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 48,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
पुलिस ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा. अपराध और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें :'तेज रफ्तार नहीं, सुरक्षित सफर चुनें', सड़क सुरक्षा को लेकर मधेपुरा में एसपी की अपील
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By कुमार आशीष
कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










