मधेपुरा के गंगापुर में कोसी कटाव पर हाई अलर्ट, विधानसभा उपाध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर 24 घंटे बचाव कार्य के दिए निर्देश

Updated:
विज्ञापन

कटाव का जायजा लते विधानसभा उपाध्यक्ष एवं अधिकारी | Prabhat Khabar Network

मधेपुरा के आलमनगर में कोसी नदी के बढ़ते कटाव ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और 24 घंटे युद्धस्तर पर बचाव कार्य चलाने का निर्देश दिया है.

विज्ञापन

Madhepura News: मधेपुरा के आलमनगर प्रखंड के गंगापुर पंचायत में लूटना टोला और हरजोड़ा घाट के पास कोसी नदी के भीषण कटाव का विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव ने निरीक्षण किया. जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्होंने 24 घंटे युद्धस्तर पर कटाव-निरोधी कार्य शुरू करने और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.

मधेपुरा. कोसी नदी के लगातार बढ़ते कटाव ने आलमनगर प्रखंड के गंगापुर पंचायत में लोगों की चिंता बढ़ा दी है. मंगलवार को लूटना टोला और हरजोड़ा घाट के पास हो रहे भीषण कटाव का जायजा लेने बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष और स्थानीय विधायक नरेंद्र नारायण यादव मौके पर पहुंचे. उनके साथ जल संसाधन विभाग और फ्लड फाइटिंग से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों की टीम भी मौजूद रही.

कटाव प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक हुई, जिसमें बचाव कार्य को तेज करने और प्रभावित गांवों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने का निर्णय लिया गया.

कटाव प्रभावित इलाके का लिया विस्तृत जायजा

विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव ने अधिकारियों के साथ कटाव प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया. उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से स्थिति की विस्तृत जानकारी ली और बचाव कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि कोसी कटाव से क्षेत्र की उपजाऊ जमीन, गांवों और लोगों की आजीविका पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है. इसलिए कटाव-निरोधी कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए.

नाव से किया नदी का निरीक्षण

उपाध्यक्ष के निर्देश पर अधिकारियों की टीम नाव के सहारे नदी के भीतर तक पहुंची. टीम में बाढ़ संघर्षात्मक कार्यों से जुड़े अध्यक्ष इं. सच्चिदानंद सिंह, मुख्य अभियंता संजीव शैलेश, अधीक्षण अभियंता विकास कुमार, कार्यपालक अभियंता सुमन कुमार और सहायक अभियंता नीरज कुमार शामिल थे.

निरीक्षण के दौरान नदी के विभिन्न हिस्सों में पानी की गहराई मापी गई और धारा के प्रवाह की दिशा का भी अध्ययन किया गया. अधिकारियों ने कटाव की तीव्रता और संभावित खतरे वाले क्षेत्रों का भी आकलन किया.

दो घंटे मंथन के बाद बनी रणनीति

करीब दो घंटे तक निरीक्षण और तकनीकी आकलन के बाद अधिकारियों की टीम वापस लौटी और विधानसभा उपाध्यक्ष के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तय की.

बैठक के बाद मुख्य अभियंता संजीव शैलेश कुमार ने बताया कि कटाव से बचाव के लिए स्टेप बाय स्टेप कटाव-निरोधी कार्य किया जाएगा. इसके लिए आवश्यक मशीनरी, सामग्री और जनरेटर की व्यवस्था की जाएगी, ताकि कार्य बिना रुकावट लगातार चलता रहे.

24 घंटे युद्धस्तर पर चलेगा बचाव कार्य

मुख्य अभियंता ने कहा कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कटाव-निरोधी कार्य 24 घंटे युद्धस्तर पर कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि बिजली और उपकरणों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए जनरेटर की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी.

अधिकारियों का कहना है कि लगातार निगरानी के साथ चरणबद्ध तरीके से तट संरक्षण और कटाव रोकने के उपाय किए जाएंगे.

Madhepura News: स्थानीय लोगों में बढ़ी उम्मीद

निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और कटाव प्रभावित परिवार मौजूद रहे. लोगों ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की और कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो कई गांवों और कृषि भूमि पर खतरा बढ़ सकता है.

मौके पर एसडीएम पंकज कुमार घोष, एडीएम आपदा मुकेश कुमार, मुखिया प्रतिनिधि अरुण कुमार भगत, जदयू प्रखंड अध्यक्ष विरेंद्र कुमार सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि प्रेम कुमार तथा वरिष्ठ नेता अमरेंद्र सिंह चंद्रवंशी, राजेश्वर राय, शिवशंकर सिंह, प्रभु नारायण सिंह, राणा रामकृष्ण सिंह, चतुरानंद गुप्ता, मनी मंडल सहित अनेक लोग उपस्थित रहे.

कोसी नदी के बदलते प्रवाह को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया है.

Also Read: Prashant Kishor Won Bankipur Seat: क्या प्रशांत किशोर की जीत ने जातिवाद मॉडल का किया सफाया? PK की स्ट्रैटेजी की चर्चा तेज

Also Read: प्रशांत किशोर की जीत के पीछे 3 रणनीतिकार कौन? जिनकी मदद से नितिन नवीन के किले को ढहाया



विज्ञापन
ब्रजेश कुमार

लेखक के बारे में

By ब्रजेश कुमार

ब्रजेश कुमार प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. आलमनगर (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन