सूर्यगढ़ा में चोरों का तांडव: पुलिस हवलदार समेत दो घरों को बनाया निशाना, नकदी व जेवरात समेटे

घर जहां हुई चोरी | Prabhat Khabar Network
नंदपुर गांव में चोरों ने पुलिस गश्त को धता बताते हुए एक हवलदार के घर से लाखों के जेवर और नकदी पार कर दी. घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है.
लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नंदपुर गांव में मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाकर पुलिसिया गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बेखौफ चोरों ने बिहार पुलिस में हवलदार के पद पर कार्यरत एक जवान के बंद पड़े कमरे से नकदी और लाखों के सोने-चांदी के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही सूर्यगढ़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गई है.
हवलदार के घर चोरी का तरीका
पीड़ित हवलदार श्रवण कुमार (पिता स्वर्गीय राधे सिंह) ने घटना की जानकारी देते हुए बताया:
- पेड़ के सहारे घुसे चोर: चोर घर के पीछे लगे पेड़ के सहारे छत पर चढ़े. छत के दरवाजे में ताला नहीं लगा था, केवल कुंडी लगी हुई थी.
- साड़ी से भागे नीचे: कुंडी खोलकर अंदर दाखिल हुए चोरों ने आसानी से चोरी की घटना को अंजाम दिया और फिर साड़ी के सहारे छत से नीचे उतरकर चंपत हो गए.
- 100 गज दूर मिला खाली ब्रीफकेस: बुधवार सुबह 5 बजे जब श्रवण कुमार की पत्नी उठीं, तब चोरी का पता चला. छानबीन करने पर घर से 100 गज दूर खेत में खाली वीआईपी (ब्रीफकेस) पड़ा मिला.
एक लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ
पीड़ित श्रवण कुमार ने बताया कि एक दिन पूर्व मंगलवार को ही उन्होंने नवादा पुलिस लाइन में हवलदार पद पर योगदान (जॉइन) किया था और रात में घर लौटे थे. चोरों ने उनके घर से:
- नकद राशि: ₹35,000 कैश
- जेवरात: 1 मंगलसूत्र, 3 जोड़ा चांदी की पायल और सोने का एक चांद चोरी कर लिया.
दूसरे घर को भी बनाया निशाना, ग्रामीणों में दहशत
स्थानीय ग्रामीणों व गोपालपुर पंचायत के पूर्व मुखिया विपिन कुमार सिंह तथा सुमंगल सिंह ने बताया कि चोरों ने गांव के ही विनय सिंह के घर में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन वहां से उन्हें सिर्फ ₹1,000 कैश ही हाथ लगा.
एक ही रात दो-दो घरों में हुई चोरी की वारदात से नंदपुर गांव के लोगों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से गांव में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की है.
"मामले की छानबीन जारी, होगी कार्रवाई": थानाध्यक्ष
सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया:
"चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल पर जाकर मामले की छानबीन की है. सुबह कागजात गायब होने की बात कही गई थी. पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी." : थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजेश गुप्ता
राजेश गुप्ता प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सूर्यगढ़ा (लखीसराय) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










