बिहार स्टेट अंडर-11 शतरंज चैंपियनशिप का 15 से 17 तक होगा आयोजन
बिहार के प्रतिभाशाली नन्हें शतरंज खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आयी है
प्रतियोगिता में राज्य के कई जिलों के खिलाड़ी होंगे शामिल
लखीसरायबिहार के प्रतिभाशाली नन्हें शतरंज खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आयी है. बिहार राज्य अंडर-11 शतरंज चैंपियनशिप 2026-27 का भव्य आयोजन आगामी 15 से 17 मई तक कुमार प्रोग्रेसिव स्कूल, परसामा रामगढ़ चौक में आयोजित किया जायेगा. इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से सैकड़ों खिलाड़ी भाग लेने पहुंचेंगे. आयोजन समिति के अनुसार पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, दरभंगा, बेगूसराय, नालंदा, भोजपुर, समस्तीपुर, पूर्णिया, सहरसा एवं लखीसराय सहित राज्य के लगभग सभी जिलों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. इस प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता “नेशनल अंडर-11 शतरंज चैंपियनशिप” में भाग लेने के लिए पात्र होंगे. यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता दो से आठ अगस्त तक मंगलोर में आयोजित होगी. संघ के जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले चयनित खिलाड़ियों का यात्रा, आवास एवं अन्य आवश्यक खर्च लखीसराय शतरंज संघ द्वारा वहन किया जायेगा. आयोजन समिति ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बिहार के कोने-कोने में छिपी शतरंज प्रतिभाओं को आगे लाना तथा उन्हें राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना है. प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल व्यवस्था, अनुशासित वातावरण एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेगी. संघ के अध्यक्ष ने कहा कि लगातार जिले में शतरंज खेल को बढ़ावा देने के लिए संगठन सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है और लखीसराय में कई सफल प्रतियोगिताओं का आयोजन हो चुका है और जिससे युवा खिलाड़ियों को नयी दिशा मिली है. उन्होंने कहा कि संघ के संरक्षक प्रकाश महतो का खेल एवं सामाजिक क्षेत्र में विशेष योगदान रहा है, खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग देने तथा खेल गतिविधियों को मजबूती प्रदान करने में उनकी भूमिका सराहनीय मानी जाती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव मुरारी सिन्हा
राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








