शिक्षक दिवस पर स्कूल में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ आयोजन
कार्यक्रम प्रस्तुत करते बच्चे | Prabhat Khabar Network
न्यू दिल्ली पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए शिक्षकों के प्रति अपना सम्मान और प्रेम व्यक्त किया।
सूर्यगढ़ा (लखीसराय). सूर्यगढ़ा के राजा बाजार शिवम पैलेस, सलेमपुर रोड स्थित न्यू दिल्ली पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस समारोह पर शनिवार को भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने गीत, संगीत, नृत्य, कविता, भाषण, नाटक और मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त की.पूरे कार्यक्रम में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था. विद्यालय के निर्देशक अभिषेक आनंद की देखरेख में कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों एवं शिक्षकों के स्वागत के साथ हुई. विद्यार्थियों ने वाद्य संगीत प्रस्तुत किया.बच्चों ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि देते हुए उनके जीवन और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को याद किया.
आपके शहर में
छात्रों ने भाषण व कविता से गुरु के महत्व पर डाला प्रकाश
विद्यार्थियों ने भाषण और कविता के माध्यम से गुरु के महत्व पर प्रकाश डाला. कार्यक्रम में महान शिक्षकों को याद करते हुए विशेष प्रस्तुति दी गई. इसके अलावा समूह नृत्य, एकल नृत्य, युगल गीत, नाटक, चुटकुले और विभिन्न खेलों ने समारोह को रोचक बनाया. बच्चों ने महिला सशक्तीकरण, जीवन से जुड़े संदेश और शिक्षा के महत्व पर आधारित प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं. विद्यालय के शिक्षक भी कार्यक्रम में पीछे नहीं रहे. शिक्षकों ने मनोरंजक खेलों, जीवन पाठ और अन्य गतिविधियों में भाग लेकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया. विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत समूह नृत्य, वाद्य संगीत तथा गीत-संगीत कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहे. अंत में विद्यालय के निदेशक ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को शिक्षक दिवस की भकामनाएं देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया.
समारोह में केक भी काटा गया
समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन और केक कटिंग के साथ हुआ. विद्यालय परिसर में दिनभर उत्सव जैसा माहौल बना रहा. स्कूली बच्चों ने यहां कुल 32 कार्यक्रम प्रस्तुत किया. मौके पर विद्यालय के शिक्षक दयाशंकर मिश्रा, बम बम कुमार सिह, भरत भूषण, एस.के सिंह, रवि शंकर, हिमांशु कुमार, राजीव कुमार, अमित कुमार, आलोक शर्मा, खुशी टिंबरेबाल, प्रीति कुमारी, सीमा कुमारी, रुपाली कुमारी, शिवानी कुमारी, शबनम कुमारी, अदिति कुमारी आदि मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए