Lakhisaray News: विवाहिता की मौत मामले में मायके वालाें ने जतायी हत्या की आशंका

Published by :RAVIKANT SINGH
Published at :04 May 2026 3:40 PM (IST)
विज्ञापन
Lakhisaray News: विवाहिता की मौत मामले में मायके वालाें ने जतायी हत्या की आशंका

विवाहिता की मौत मामले में मायके वालाें ने जतायी हत्या की आशंका

विज्ञापन

सूर्यगढ़ा (लखीसराय) से राजेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट, Lakhisaray News: सूर्यगढ़ा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या तीन काजी टोला में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना रविवार अपराह्न 4 बजे की है. सोमवार की पूर्वाहन इस मामले में तब नया मोड़ देखने को मिला जब मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से पोस्टमार्टम करने की इच्छा जाहिर की. पुलिस का कहना है कि पहले मृतका की विषपान से मौत होने की जानकारी दी गई थी. परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं थे. अब मायके पक्ष के लोगों के कहने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है.मृतका की पहचान काजी टोला निवासी गणेश तांती की पुत्रवधू एवं कुलदीप कुमार की 20 वर्षीय पत्नी यशोदा कुमारी के रूप में हुई है. सोमवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

इलाज के दौरान हुई मौत, सुबह बदला घटनाक्रम

जानकारी के अनुसार रविवार की शाम करीब 4 बजे यशोदा कुमारी की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें सूर्यगढ़ा के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. प्रारंभिक स्तर पर मामले को आत्महत्या बताया जा रहा था और रविवार की शाम दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात सामने आई थी.

मृतका के शरीर पर पाये गये चोट के निशान

सोमवार सुबह अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान मायके पक्ष ने शरीर पर चोट के निशान देखने का दावा किया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया और हंगामे की स्थिति बन गई.

मां ने कहा-बेटी को जहर देकर मारा गया

मृतका का मायके मेदनी चौकी थाना क्षेत्र के हुसैन गांव में है. मृतका की मां सबिता देवी ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि उन्होंने कर्ज लेकर दो जून 2025 को बेटी की शादी की थी. आरोप है कि पिछले कई दिनों से बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था और फोन पर बात भी नहीं करने दिया जाता था.

मां ने रोते हुए कहा कि अंतिम संस्कार से पहले जब बेटी के कपड़े बदले जा रहे थे, तब उसके होंठ, गाल और शरीर पर चोट के निशान दिखे. उन्होंने आशंका जताई कि उनकी बेटी को जहर देकर मार दिया गया है.मृतका के भाई सुनील कुमार ने भी ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है.

पुलिस बोली : आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई

सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मायके पक्ष की ओर से अब तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के समय मृतका का पति कुलदीप कुमार उड़ीसा में मजदूरी कर रहा था. घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है. अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट व पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी है.

विज्ञापन
RAVIKANT SINGH

लेखक के बारे में

By RAVIKANT SINGH

RAVIKANT SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन