संतान न होने पर पत्नी को उतारा मौत के घाट, कमरे में ही दफना दी लाश; वफादार बेजुबान ने खोल दिया राज
घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़
संतान नहीं होने के विवाद में पति ने निर्मम हत्या कर पत्नी के शव को घर के कमरे में दफना दिया. पड़ोसियों को शक होने पर और बकरियों के व्यवहार से घटना का खुलासा हुआ.
Wife Murder: सूर्यगढ़ा (लखीसराय) थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव वार्ड संख्या-07 में 35 वर्षीय महिला की उसके पति ने निर्मम हत्या कर दी. आरोप है कि संतान नहीं होने से नाराज पति ने पहले पत्नी पर चाकू और कुल्हाड़ी से हमला किया, फिर शव को घर के कमरे में गड्ढा खोदकर दफना दिया. सूचना मिलने पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराया और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया.
आपके शहर में
संतान नहीं होने को लेकर होता था विवाद
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान अलीनगर निवासी नागेश्वर बिंद की 35 वर्षीय पत्नी सहोदरी देवी के रूप में हुई है. दंपती की कोई संतान नहीं थी. इसी बात को लेकर पति अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था. घटना के समय घर में दोनों ही मौजूद थे.
हत्या के बाद कमरे में दफनाया शव
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मंगलवार दोपहर करीब एक बजे नागेश्वर बिंद ने शराब के नशे में चाकू और कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी. इसके बाद उसने घर के कमरे में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके.
बकरी के व्यवहार से हुआ हत्या का खुलासा
बुधवार देर शाम तक सहोदरी देवी के नहीं दिखने पर पड़ोसियों को शक हुआ. ग्रामीणों ने आरोपी से पूछताछ की, लेकिन वह लगातार बहाने बनाता रहा. इसी दौरान घर में बंधी बकरियां लगातार मिमियाने लगीं, जिससे लोगों की शंका और बढ़ गई. जब ग्रामीणों ने दबाव बनाया तो आरोपी घर में ताला लगाकर भागने का प्रयास करने लगा. लोगों ने उसे पकड़ लिया और घर की तलाशी ली. कमरे में दफन शव का एक पैर बाहर दिखाई देने पर हत्या का खुलासा हो गया.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
Wife Murder: ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. आरोपी नागेश्वर बिंद को नशे की हालत में गिरफ्तार कर लिया गया. हत्या में प्रयुक्त चाकू और कुल्हाड़ी भी पुलिस ने बरामद कर जब्त कर ली है.
एसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा
गुरुवार को पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार घटनास्थल पहुंचीं और पूरे मामले की जानकारी ली. एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. एसपी ने बताया कि हत्या के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. प्रथम दृष्टया संतान नहीं होने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए