लोशघानी में पांच दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का समापन, उत्कृष्ट प्रतिभागी हुए सम्मानित
छात्र को प्रमाणपत्र देते विधायक | Prabhat Khabar Network
उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय लोशघानी में पांच दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण सह परीक्षण शिविर का समापन समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ. विधायक रामानंद मंडल ने इसे चरित्र निर्माण की पाठशाला बताया. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया.
लखीसराय. जिला शिक्षा पदाधिकारी सह अध्यक्ष भारत स्काउट और गाइड जिला लखीसराय के तत्वावधान में उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय लोशघानी में आयोजित पांच दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण सह परीक्षण शिविर का मंगलवार को समापन हुआ. समापन समारोह के मुख्य अतिथि सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल रहे. छात्र-छात्राओं ने पुष्पवर्षा और तालियों के साथ उनका स्वागत किया.
स्काउट-गाइड को बताया चरित्र निर्माण की पाठशाला
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रामानंद मंडल ने कहा कि स्काउट-गाइड महज प्रशिक्षण नहीं, बल्कि चरित्र, व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता को तराशने वाली जीवंत पाठशाला है. इसके माध्यम से बच्चों में सेवा भाव, आत्मनिर्भरता, कठिन परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता और राष्ट्रभक्ति के संस्कार विकसित होते हैं.
राष्ट्रगीत और सरस्वती वंदना से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान से हुई. इसके बाद स्वाति मिश्रा ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर समारोह में सांस्कृतिक रंग भर दिया. अतिथियों को अंगवस्त्र और पुष्पमाला देकर सम्मानित किया गया. समारोह की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजीव कुमार ने की.
पांच दिनों में बच्चों ने सीखा अनुशासन और प्राथमिक उपचार
प्रशिक्षण शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं को अनुशासन, प्राथमिक उपचार और नेतृत्व क्षमता से जुड़ी विभिन्न बारीकियों का प्रशिक्षण दिया गया. शिविर में बच्चों ने टीम भावना और जिम्मेदारी के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया.
उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मेडल और प्रशस्ति-पत्र
शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया. सम्मान मिलने के बाद प्रतिभागियों के चेहरे खुशी से खिल उठे. आयोजन का संचालन अनुराग आनंद ने किया.
जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
समापन समारोह में जदयू जिलाध्यक्ष रामानुज सिंह और प्रखंड अध्यक्ष कुमोद कुमार समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए