दावों के बीच फंसी विकास की गाड़ी: हलसी में अधूरी सड़क के कारण जलजमाव, स्कूली बच्चों समेत ग्रामीण परेशान

Author Pintu Pranav|Edited by System
Updated:
विज्ञापन
दावों के बीच फंसी विकास की गाड़ी: हलसी में अधूरी सड़क के कारण जलजमाव, स्कूली बच्चों समेत ग्रामीण परेशान

फोटो – अधुरी सड़क पर जलजमाव का दृश्य

Road Construction: पीसीसी सड़क बनने से ग्रामीणों को मिली राहत, लेकिन मुख्य सड़क से जुड़ने वाला 30 मीटर हिस्सा अधूरा रहने से बारिश में जलजमाव और कीचड़ ने बढ़ाई मुश्किलें. स्कूली बच्चे और राहगीर सबसे अधिक प्रभावित.

विज्ञापन

हलसी (लखीसराय) से केशव कुमार की रिपोर्ट

Road Construction: लखीसराय जिले के हलसी प्रखंड में ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम के तहत बन रही सड़क का निर्माण कार्य अब भी अधूरा पड़ा है. हलसी पुरानी चौक से हलसी ग्रामीण पथ तक बनाई जा रही पीसीसी सड़क का मुख्य सड़क से जुड़ने वाला करीब 30 मीटर हिस्सा नहीं बनने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के कारण इस स्थान पर जलजमाव और कीचड़ की स्थिति बन गई है, जिससे स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और राहगीरों का आवागमन प्रभावित हो रहा है.

28 लाख से अधिक की योजना, फिर भी अधूरा निर्माण

ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल लखीसराय की ओर से 0.550 किलोमीटर लंबी पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है. योजना की प्राक्कलित लागत 28.064 लाख रुपये निर्धारित की गई है, जबकि रखरखाव मद में 1.803 लाख रुपये का प्रावधान है. विभागीय अभिलेख के अनुसार कार्य 30 मई 2025 को शुरू हुआ था और इसे 29 मई 2026 तक पूरा किया जाना था. निर्माण कार्य का जिम्मा कृषक निर्माण प्रा. लि., कंकड़बाग, पटना को सौंपा गया है.

30 मीटर अधूरी सड़क बनी बड़ी समस्या

Road Construction: संवेदक द्वारा कन्या मध्य विद्यालय से लेकर रामानुग्रह सिंह के घर तक पीसीसी सड़क का निर्माण पूरा कर दिया गया है, जिससे ग्रामीणों को काफी राहत मिली है. लेकिन लखीसराय-सिकंदरा मुख्य मार्ग से इस सड़क को जोड़ने वाला लगभग 30 मीटर हिस्सा अब भी कच्चा पड़ा है. यही अधूरा भाग पूरे मार्ग की सबसे बड़ी समस्या बन गया है.बारिश के दौरान इस स्थान पर पानी भर जाता है और कीचड़ फैल जाता है. इससे कन्या मध्य विद्यालय और हाई स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि फिसलन के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.

संवेदक ने 20 दिनों में काम पूरा करने का दिया भरोसा

संवेदक प्रतिनिधि मनचुन कुमार ने बताया कि इस हिस्से में निर्माण को लेकर कुछ ग्रामीणों ने नाली और जलनिकासी प्रभावित होने की आशंका जताई थी, जिसके कारण कार्य रोकना पड़ा. उन्होंने कहा कि संबंधित पक्षों से बातचीत के बाद शेष 30 मीटर सड़क का निर्माण अगले 20 दिनों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा.

ग्रामीणों ने जल्द निर्माण पूरा कराने की मांग की

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि अधूरी सड़क के कारण पूरी योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है. मुख्य सड़क से जुड़ाव नहीं होने के कारण बरसात में स्थिति और खराब हो जाती है. ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि शेष निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके.

ALSO READ: नया बाजार दालपट्टी गल्ला मंडी में बाजार स्थिर, जानिए आज का ताजा अनाज और दालों का भाव

विज्ञापन
Pintu Pranav

लेखक के बारे में

By Pintu Pranav

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन