लखीसराय में बालू के अवैध भंडारण पर खनन विभाग की कार्रवाई
Lakhisari News: : सूर्यगढ़ा क्षेत्र में मानसून के आगमन और बालू घाटों से उठाव पर रोक के बाद खनन विभाग ने अवैध भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. इसी क्रम में मानिकपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर गांव में मंगलवार शाम छापेमारी कर भारी मात्रा में भंडारित बालू जब्त किया गया. कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में पूरे इलाके में हलचल मच गयी.
सूर्यगढ़ा (लखीसराय) से राजेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
Lakhisari News: मानिकपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर गांव में मंगलवार की शाम खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में भंडारित बालू को जब्त कर लिया. खनन विभाग को सूचना मिली थी कि कजरा-निस्ता राज्य पथ स्थित मुस्तफापुर गांव के पास अवैध रूप से बालू का भंडारण और बिक्री की जा रही है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए खनन पदाधिकारी शुभम कुमार के नेतृत्व में टीम ने मौके पर छापेमारी की. इस दौरान मानिकपुर थाना, सूर्यगढ़ा थाना और लखीसराय से अतिरिक्त पुलिस बल भी मौजूद रहा.
बालू और ईंट का भंडारण बरामद
छापेमारी के दौरान स्थल पर बड़ी मात्रा में बालू भंडारित पाया गया, जिसे विभाग ने जब्त कर लिया. इसके अलावा मौके पर एक-दो ट्रेलर ईंट भी पाए गए. अधिकारियों के अनुसार सभी सामग्री को नियमानुसार जब्त कर कजरा थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है. विभाग अब मामले की विस्तृत जांच कर रहा है और संबंधित व्यक्तियों से दस्तावेजों की मांग की गई है.
जमीन मालिक ने लगाया निजी उपयोग का दावा
जिस जमीन पर बालू रखा गया था, उसके मालिक नीरज कुमार ने कार्रवाई पर आपत्ति जताई है. उनका कहना है कि उन्होंने अपनी निजी जमीन पर मिट्टी भराई और बाउंड्री निर्माण के लिए दो ट्रक बालू मंगवाया था. उन्होंने इसे निजी उपयोग बताते हुए अवैध बिक्री के आरोपों को गलत करार दिया है. हालांकि प्रशासन इस दावे की जांच कर रहा है.
प्राथमिकी की प्रक्रिया शुरू, जांच जारी
मानिकपुर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि बालू के अवैध भंडारण की सूचना पर कार्रवाई करते हुए उसे जब्त किया गया है. मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. विभागीय टीम पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है.
ग्रामीणों में बनी चर्चा का विषय
कार्रवाई की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. पूरे क्षेत्र में दिनभर इस कार्रवाई को लेकर चर्चा होती रही. ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि बालू घाटों से उठाव बंद होने के बाद प्रशासन अब गांवों में हो रहे भंडारण और संभावित अवैध कारोबार पर भी सख्ती दिखा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










