लखीसराय समाहरणालय में उपद्रव मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, 19 उपद्रवियों की पहचान, एक गिरफ्तार

पुलिस द्वारा जारी किया गया उपद्रवियों की तस्वीर.
Lakhisarai Protest : लखीसराय समाहरणालय के पास प्रदर्शन के दौरान असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ दिया था, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की है. वीडियो फुटेज की मदद से 19 उपद्रवियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं.
Lakhisarai Protest : शनिवार को समाहरणालय गेट एवं आसपास के क्षेत्रों में प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ दिया. आरोप है कि उपद्रवियों ने निजी वाहनों में तोड़फोड़ की और प्रदर्शन को उग्र बनाने के लिए पुलिस बल पर डंडे, बोतलें और अन्य वस्तुएं फेंकीं. इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
वीडियो फुटेज से 19 उपद्रवियों की पहचान
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल के वीडियो फुटेज और सोशल मीडिया पर उपलब्ध तस्वीरों की जांच शुरू की. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शिवम कुमार ने बताया कि जांच के दौरान 19 उपद्रवियों की पहचान की गई है. इन सभी की तस्वीरें सार्वजनिक कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं.
एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में कवैया थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. अब तक एक उपद्रवी को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
पुलिस ने लोगों से मांगा सहयोग
जिला पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि जारी की गई तस्वीरों में दिख रहे उपद्रवियों की पहचान करने में सहयोग करें. सूचना देने के लिए कवैया थाना, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय और लखीसराय पुलिस के हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. साथ ही लोगों से अफवाहों से बचने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










