लखीसराय में 28 अगस्त से महा-अभियान, घर-घर होगी एनसीडी व एनीमिया की मुफ्त जांच
लखीसराय में 28 अगस्त से एनसीडी और एनीमिया मुक्त भारत अभियान शुरू होगा। घर-घर जाकर मुफ्त जांच और इलाज की सुविधा दी जाएगी। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।
लखीसराय. जिले के लोगों के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी पहल की है. गंभीर बीमारियों और खून की कमी से बचाव के लिए 28 अगस्त से 30 नवंबर 2026 तक विशेष महा-अभियान चलेगा. अभियान गैर-संचारी रोग (एनसीडी) और एनीमिया मुक्त भारत (एएमबी) कार्यक्रम के तहत चलाया जायेगा. तीन महीने तक चलने वाले इस अभियान में गांव-गांव और शहर के अंतिम व्यक्ति तक मुफ्त जांच की सुविधा पहुंचाने का लक्ष्य है. स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए प्रति प्रखंड प्रतिदिन 250 एनीमिया स्क्रीनिंग का लक्ष्य तय किया है. जांच की सभी रिपोर्ट रीयल-टाइम मॉनिटरिंग के लिए 'यू-विन' पोर्टल पर अपलोड की जायेगी, ताकि डिजिटल ट्रैकिंग हो सके. स्वास्थ्य विभाग की टीम, आशा और एएनएम कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी. 30 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों की एनसीडी जांच की जायेगी. यह जांच पूरी तरह मुफ्त होगी.
आपके शहर में
इन जगहों पर मिलेगी सुविधा ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण दिवस सत्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर / उप स्वास्थ्य केंद्र और पीएचसी, सीएचसी व जिला अस्पताल में शिविर लगेंगे. इसमें हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और तीन तरह के सामान्य कैंसर- ओरल, ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर की जांच होगी. साथ ही डिजिटल हीमोग्लोबिनोमीटर से बच्चों, किशोर-किशोरियों, गर्भवती और धात्री महिलाओं की ऑन-स्पॉट खून जांच की जायेगी. जांच में बीमारी मिलने पर मरीज को तुरंत नजदीकी पीएचसी या जिला अस्पताल के एनसीडी क्लिनिक में रेफर किया जाएगा। वहां मुफ्त इलाज और दवा दी जायेगी.
समय पर पहचान ही सबसे बड़ा बचाव
विभाग के अनुसार, यदि किसी का हीमोग्लोबिन 9 ग्राम से कम मिला तो उसे गंभीर एनीमिया मानकर विशेष इलाज मिलेगा. ऐसी गर्भवती महिलाओं को एफसीएम (फेरिक कार्बोक्सी माल्टोज) इंजेक्शन मुफ्त लगाया जायेगा. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर अपनी और परिवार की जांच जरूर कराएं. समय पर पहचान ही सबसे बड़ा बचाव है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए