2 अगस्त से जिले में शुरू होगा 'नशा मुक्ति युवा एवं विकसित भारत संकल्प अभियान', डीएम ने तैयारियों की समीक्षा की

फोटो- बैठक में उपस्थित डीएम व अन्य | Prabhat Khabar Network
लखीसराय में 2 अगस्त से 'नशा मुक्ति युवा एवं विकसित भारत संकल्प अभियान' शुरू होने जा रहा है. जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने इस संबंध में अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए दिशा-निर्देश दिए.
Nasha Mukti Campaign: लखीसराय. समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में शनिवार को युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग तथा छात्र एवं युवा कल्याण निदेशालय के निर्देशानुसार प्रस्तावित 'नशा मुक्ति युवा एवं विकसित भारत संकल्प अभियान' की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने की. अधिकारियों को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.
2 अगस्त को होगा अभियान का शुभारंभ
बैठक में बताया गया कि भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में यह अभियान 2 अगस्त 2026 से शुरू किया जाएगा. जिले में अभियान का शुभारंभ पूर्वाह्न 10:30 बजे पॉलिटेक्निक कॉलेज में किया जाएगा. उद्घाटन कार्यक्रम में जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार तथा सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा धीरज कुमार संयुक्त रूप से शामिल होंगे.
विद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं को जोड़ा जाएगा
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, कौशल विकास केंद्रों, नेहरू युवा केंद्र, जीविका समूहों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों को इस अभियान से जोड़कर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया जाए. अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है.
हर स्तर पर होगा शपथ ग्रहण कार्यक्रम
डीएम ने पंचायत, वार्ड, प्रखंड, अनुमंडल, जिला कार्यालयों और नगर परिषद क्षेत्रों में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि इसमें सरकारी कर्मियों के साथ पीएम किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों तथा आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए.
जनप्रतिनिधियों को किया जाएगा आमंत्रित
बैठक में जिले के प्रभारी मंत्री, स्थानीय मंत्रियों, विधायकों, विधान पार्षदों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित करने तथा उनके आगमन पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
इन अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
Nasha Mukti Campaign: कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा धीरज कुमार को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है. वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार को सुपर नोडल पदाधिकारी तथा उत्पाद अधीक्षक दीपक कुमार को सहायक नोडल पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.बैठक में स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, सहायक निदेशक धीरज कुमार, उत्पाद अधीक्षक दीपक कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










