देवव्रत ने जेईई मेंस में 99.5 पर्सेंटाइल लाकर बढ़ाया मान
देवव्रत ने जेईई मेंस में 99.5 पर्सेंटाइल लाकर बढ़ाया मान
लखीसराय. शहर के नया बाजार स्थित स्काई विजन पब्लिक स्कूल के वर्ग 12वीं के छात्र देवव्रत यादव ने जेईई मेंस परीक्षा 2026 में 99.5 पर्सेंटाइल प्राप्त कर विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है. देवव्रत की इस उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि समर्पण, अनुशासन व निरंतर मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है. यह परीक्षा भारत की सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक मानी जाती है, ऐसे में देवव्रत की यह उपलब्धि सराहनीय है. विद्यालय की सचिव सबिता शर्मा ने कहा कि देवव्रत की यह सफलता हम सभी के लिए गर्व का विषय है. यह उपलब्धि न केवल उसकी मेहनत का परिणाम है, बल्कि विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण व शिक्षकों के मार्गदर्शन का भी प्रमाण है. विद्यालय के निदेशक बबलू शर्मा ने अपने वक्तव्य में कहा कि देवव्रत ने यह साबित किया है कि सही दिशा में प्रयास किया जाय तो असंभव भी संभव हो सकता है. विश्वास है कि वह भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करता रहेगा व देश का नाम रोशन करेगा. विद्यालय की प्राचार्या मैग्डलीन गोम्स ने कहा कि देवव्रत शुरू से ही एक मेहनती व अनुशासित छात्र रहा है. उसकी यह सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत है. हम उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं. देवव्रत यादव बसुआचक गांव निवासी है. उनके पिता अंजनी कुमार विजय एक सरकारी विद्यालय में शिक्षक हैं, जिन्होंने अपने पुत्र को अनुशासन व शिक्षा के महत्व का मार्गदर्शन दिया. उनकी माता अंजनी कुमारी एक गृहिणी हैं, जिन्होंने सदैव देवव्रत को प्रोत्साहित किया व उसका मनोबल बढ़ाया. देवव्रत ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों व नियमित अध्ययन को दिया है. विद्यालय परिवार ने देवव्रत को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए हार्दिक बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव मुरारी सिन्हा
राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए







