प्राथमिक विद्यालय पहाड़पुर में लगा दंत चिकित्सा जागरूकता शिविर

Published by : Rajeev Murarai Sinha Sinha Updated At : 21 Apr 2026 6:17 PM

विज्ञापन

प्राथमिक विद्यालय पहाड़पुर में लगा दंत चिकित्सा जागरूकता शिविर

विज्ञापन

बच्चों को दी गयी स्वास्थ्य संबंधी अहम जानकारी

लखीसराय. प्राथमिक विद्यालय पहाड़पुर में राधा डेंटल केयर की ओर से दंत चिकित्सा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में डॉ उदय शंकर ने बच्चों एवं उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं को दांत एवं मुंह से संबंधित विभिन्न बीमारियों तथा उनके बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी. डॉ शंकर ने बच्चों को दिन में दो बार ब्रश करने की सलाह देते हुए सही तरीके से ब्रश करने की विधि समझायी. उन्होंने दांतों में होने वाली कनकनाहट (संवेदनशीलता), पायरिया रोग, मुंह के कैंसर के प्रारंभिक लक्षण व उसकी रोकथाम के बारे में विस्तार से बताया. साथ ही दूध के दांतों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इनकी उचित देखभाल बेहद जरूरी है, क्योंकि यही स्थायी दांतों के स्वास्थ्य की नींव होते हैं. उन्होंने संतुलित आहार पर जोर देते हुए बच्चों को हरी पत्तेदार सब्जियां, मौसमी फल, मिक्स दाल, दूध व घर का बना ताजा भोजन ग्रहण करने की सलाह दी. इसके साथ ही पान, बीड़ी, गुटखा, तंबाकू आदि नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने की सख्त हिदायत दी. गर्मी के मौसम को देखते हुए बच्चों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गयी, ताकि वे डिहाइड्रेशन से बच सकें. डॉ शंकर ने खुरदुरा मंजन, दातुन, गुल, मिट्टी व राख से दांत साफ करने की परंपरागत आदतों से बचने की सलाह देते हुए अल्ट्रा सॉफ्ट ब्रश के उपयोग पर बल दिया. उन्होंने बताया कि प्रत्येक 60 से 70 दिनों के भीतर ब्रश बदल लेना चाहिए. उन्होंने यह भी बताया कि विटामिन सी मसूड़ों के लिए लाभकारी होता है, जबकि विटामिन डी, विटामिन बी व कैल्शियम दांतों व हड्डियों के लिए आवश्यक हैं. ज्ञात हो कि डॉ उदय शंकर पिछले 11 वर्षों से बिहार के विभिन्न जिलों में 500 से अधिक दंत चिकित्सा जागरूकता शिविर आयोजित कर चुके हैं. भविष्य में इस अभियान को राष्ट्रीय स्तर पर संचालित करने का लक्ष्य रखते हैं. इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या शोभा कुमारी, शिक्षक प्रमोद कुमार व अजीत कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

विज्ञापन
Rajeev Murarai Sinha Sinha

लेखक के बारे में

By Rajeev Murarai Sinha Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन