अभयपुर स्टेशन की बदलेगी सूरत, 32 लाख की फसाद लाइटिंग से रात में जगमगाएगा भवन
Abhaipur Railway Station: अब अभयपुर रेलवे स्टेशन केवल सफर का पड़ाव नहीं, बल्कि आकर्षण का केंद्र भी बनेगा. 32 लाख रुपये की लागत से स्टेशन भवन पर लगाई गई अत्याधुनिक फसाद लाइटिंग राष्ट्रीय पर्वों और त्योहारों के अनुसार अपना रंग बदलकर यात्रियों का स्वागत करेगी.
पीरीबाजार(लखीसराय) से रविराज आनंद की रिपोर्ट
Abhaipur Railway Station: मालदा रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले अभयपुर रेलवे स्टेशन का स्वरूप जल्द ही पूरी तरह बदलने वाला है. रेलवे ने स्टेशन के नवनिर्मित मुख्य भवन को आकर्षक बनाने के लिए लगभग 32 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक फसाद लाइटिंग सिस्टम लगाया है. इस परियोजना के शुरू होने के बाद रात के समय स्टेशन भवन रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता नजर आएगा. इससे न केवल स्टेशन की खूबसूरती बढ़ेगी, बल्कि यात्रियों को भी आधुनिक रेलवे स्टेशन का अनुभव मिलेगा.
आधुनिक फसाद लाइटिंग से निखरेगा स्टेशन
रेलवे द्वारा लगाए गए फसाद लाइटिंग सिस्टम के माध्यम से स्टेशन भवन को आकर्षक और आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा. यह लाइटिंग केवल सजावट तक सीमित नहीं होगी, बल्कि भवन की वास्तुकला को भी खूबसूरती से उभारेगी. रात के समय स्टेशन दूर से ही आकर्षण का केंद्र बन जाएगा.
राष्ट्रीय पर्व और त्योहारों पर बदलेगी थीम
पूर्व जिला परिषद सदस्य आशुतोष कुमार ने बताया कि यह सामान्य लाइटिंग नहीं, बल्कि डायनेमिक आर्किटेक्चरल फसाद लाइटिंग सिस्टम है. इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि राष्ट्रीय पर्व और प्रमुख त्योहारों के अनुसार इसकी रंग-थीम स्वतः बदल जाएगी. इससे हर विशेष अवसर पर स्टेशन अलग ही रूप में दिखाई देगा.
तिरंगे से लेकर दीपों की रोशनी तक दिखेगी झलक
Abhaipur Railway Station: 15 अगस्त और 26 जनवरी के अवसर पर स्टेशन तिरंगे के केसरिया, सफेद और हरे रंग की रोशनी से जगमगाएगा. होली के दौरान बहुरंगी रोशनी उत्सव का माहौल बनाएगी. वहीं दीपावली और छठ महापर्व पर पारंपरिक दीपों जैसी रोशनी पूरे स्टेशन परिसर को आलोकित करेगी. इससे स्थानीय संस्कृति और राष्ट्रीय भावना दोनों की झलक देखने को मिलेगी.
यात्रियों को मिलेगा आधुनिक रेलवे स्टेशन का अनुभव
रेलवे की इस पहल से अभयपुर स्टेशन की पहचान और अधिक मजबूत होगी. रात के समय स्टेशन की आकर्षक रोशनी यात्रियों के लिए यादगार अनुभव बनेगी. स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे आसपास के क्षेत्र की सुंदरता भी बढ़ेगी और बाहर से आने वाले यात्रियों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा.
लोगों ने की रेलवे की पहल की सराहना
स्थानीय लोगों और नियमित यात्रियों ने रेलवे प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की है. उनका कहना है कि फसाद लाइटिंग शुरू होने के बाद अभयपुर स्टेशन की छटा देखने लायक होगी. लोगों को उम्मीद है कि भविष्य में स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का भी इसी तरह विस्तार किया जाएगा.
ALSO READ: एनएच-80 के दोनों किनारों से हटेगा अतिक्रमण, मापी शुरू, कई लोगों ने खुद हटायी दुकानें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










