दिल्ली में चमका ठाकुरगंज का सितारा, फैसल रज़ा ने 43 गेंदों में जड़ा तूफानी शतक
दिल्ली में YSCL अंडर-14 लीग के दौरान फैसल रज़ा.
YSCL Under-14 League: किशनगंज के ठाकुरगंज निवासी युवा क्रिकेटर फैसल रज़ा ने दिल्ली में YSCL अंडर-14 लीग में 43 गेंदों पर 103 रन की विस्फोटक पारी खेलकर शतक जड़ा. 12 चौके, 5 छक्के और 239.53 की स्ट्राइक रेट वाली इस पारी ने सीमांचल का नाम रोशन किया.
ठाकुरगंज (किशनगंज) से बच्छराज नखत की रिपोर्ट:
YSCL Under-14 League: दिल्ली की क्रिकेट पिच पर गुरुवार को ठाकुरगंज के युवा बल्लेबाज फैसल रज़ा ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान आकर्षित किया. ताराचंद धानुका एकेडमी (टीडीए) के होनहार खिलाड़ी फैसल ने YSCL अंडर-14 लीग में महज 43 गेंदों पर 103 रन की तूफानी पारी खेलकर शानदार शतक जड़ दिया.
प्रमुख बातें
फैसल की पारी में 12 चौके और 5 छक्के शामिल रहे. उन्होंने 239.53 की शानदार स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए विपक्षी गेंदबाजों की रणनीति पूरी तरह ध्वस्त कर दी. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी से मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.
रॉयलकिंग्स अंडर-14 ने बनाया विशाल स्कोर
फैसल रज़ा की धमाकेदार बल्लेबाजी की बदौलत रॉयलकिंग्स अंडर-14 टीम ने निर्धारित 26.3 ओवर में 275 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. उनकी पारी टीम की जीत की मजबूत नींव साबित हुई और पूरे मुकाबले में आकर्षण का केंद्र रही.
सीमांचल की प्रतिभा ने राष्ट्रीय स्तर पर छोड़ी छाप
दिल्ली में खेली गई यह शतकीय पारी सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि ठाकुरगंज और पूरे सीमांचल की उभरती क्रिकेट प्रतिभा का परिचय भी है. फैसल की सफलता से ताराचंद धानुका एकेडमी में खुशी का माहौल है. प्रशिक्षकों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया.
युवाओं के लिए बने प्रेरणा
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यदि फैसल रज़ा को इसी तरह बेहतर प्रशिक्षण और उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में अवसर मिलता रहा तो वह भविष्य में बिहार ही नहीं, बल्कि देश का भी प्रतिनिधित्व कर सकते हैं. उनकी यह पारी सीमांचल के युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा बन गई है.
और पढ़ें: ‘नशा छोड़िए, भविष्य जोड़िए’: छात्रों की रैली ने दिया समाज को बड़ा संदेश
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए