चेकपोस्टों पर चलाया जा रहा है वाहन जांच अभियान

चेकपोस्टों पर चलाया जा रहा है वाहन जांच अभियान
किशनगंज. बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बंगाल पुलिस की ओर से हर स्तर पर तैयारी की जा रही है. निष्पक्ष चुनाव कराए जाने को लेकर भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्देश पर किशनगंज पुलिस व प्रशासन भी बंगाल पुलिस को हर संभव सहयोग कर रही है. सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में कुल 10 मिरर चेकपोस्ट बनाए गये हैं. मिरर चेक पोस्ट बंगाल के चेक पोस्ट के समानांतर है. एक तरफ जिले की सीमा से सटे बालीचुका में बंगाल पुलिस के द्वारा चेकनाका बनाया गया है. यहां बंगाल के ग्वालपोखर व पंजीपाड़ा ओपी पुलिस के साथ अर्द्धसैनिक बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है. इसमें बिहार की ओर से से आने वाले सभी वाहनों की डिक्की की तलाशी ली जा रही है. सीमावर्ती थाना क्षेत्रों के चेकपोस्ट पर जांच अभियान चलाते हुए डीएम विशाल राज व एसपी संतोष कुमार ने भी सोमवार को सीमावर्ती चेक पोस्ट का मुआयना किया. डीएम, एसपी व एसडीएम पोठिया प्रखंड अंतर्गत टीपीझाड़ी बिहार-बंगाल चेकपोस्ट पहुंचे. चेकपोस्ट का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया. एसपी संतोष कुमार ने कहा कि किशनगंज जिला सीमावर्ती जिला होने के कारण बंगाल से बिलकुल करीब है. इस कारण सतर्कता अपेक्षित है. सुरक्षा कारणों से 10 मिरर चेकपोस्ट बनाए गए हैं. गलगलिया चेक पोस्ट,रामपुर चेक पोस्ट, फ़रिंगगोला चेक पोस्ट व बंगाल सीमा से सटे पिछला सहित 10 चेक पोस्ट में मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है. बंगाल चुनाव को लेकर सीमा से लगने वाले चेकपोस्टों में विशेष रूप से सतर्कता बरती जानी है. वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया जाएगा. चुनाव की तिथि सामने आते ही चेक पोस्ट की संख्या बढ़ाते हुए सीमा को सील कर दिया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




