ट्रेड यूनियनों की हड़ताल से बैंकिंग सेवा प्रभावित, एलआइसी कर्मियों ने भी दिया धरना
Updated at : 12 Feb 2026 11:38 PM (IST)
विज्ञापन

ट्रेड यूनियनों की हड़ताल से बैंकिंग सेवा प्रभावित, एलआइसी कर्मियों ने भी दिया धरना
विज्ञापन
लेबर कोड की वापसी व ओपीएस की बहाली सहित विभिन्न मांगों को लेकर सड़क पर उतरे कर्मी
किशनगंज. केंद्र सरकार की नीतियों व लेबर कोड की वापसी सहित विभिन्न मांगों को लेकर विभिन्न ट्रेड यूनियनों व संगठनों के आह्वान पर गुरुवार को जिले में व्यापक असर देखा गया. हड़ताल के कारण जिले के सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों (एसबीआइ को छोड़कर) व एलआइसी कार्यालयों में कामकाज पूरी तरह ठप रहा. कर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की और धरना प्रदर्शन किया.एलआइसी कार्यालय व बैंकों के बाहर प्रदर्शन
शहर के डेमार्केट स्थित एलआइसी कार्यालय के बाहर हड़ताली कर्मियों ने धरना दिया व सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताया. वहीं, बैंक कर्मियों ने शहर के भगत टोली रोड स्थित इंडियन बैंक की शाखा के समक्ष एकत्रित होकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने आउटसोर्सिंग व ठेका नियुक्ति पर रोक लगाने, एनपीएस की जगह पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने और कॉर्पोरेट घरानों से बकाया ऋण की सख्ती से वसूली करने जैसी मांगें उठायी.एसबीआइ को छोड़ सभी शाखाओं में लटका रहा ताला
हड़ताल के दौरान भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआइ) की सभी छह शाखाएं व उनके एटीएम खुले रहे, जिससे ग्राहकों को थोड़ी राहत मिली. हालांकि, जिले की अन्य 18 राष्ट्रीयकृत बैंक शाखाओं के मुख्य द्वार पर ताला लटका रहा. सुबह के समय कुछ शाखाओं में अधिकारी संवर्ग के पहुंचने पर काम शुरू करने की कोशिश की गयी, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने उन्हें भी बंद करवा दिया. दूर-दराज से आए ग्राहक बैंकों के गेट पर ताला देख बैरंग वापस लौटने को मजबूर हुए, जिससे व्यावसायिक लेनदेन व निजी कार्य बुरी तरह प्रभावित हुए.मांगे नहीं मानने पर आंदोलन की चेतावनी
इंडियन बैंक एम्पलाइज यूनियन (बिहार-झारखंड) के उपाध्यक्ष अमित कुमार व कार्यकारिणी सदस्य संजय सुमन ने कहा कि सरकार की नीतियां कर्मचारी विरोधी हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक विचार नहीं किया गया, तो संघ के आह्वान पर आगे और भी उग्र रणनीति तैयार की जाएगी. हड़ताल में मुख्य रूप से एलआइसी की ओर से राजेश प्रसाद, सुजय कुमार, नारायण मंडल, आनंद कुमार, सुरेश हरिजन, संदीप मल्लिक, दीपू दास और मुकेश शामिल थे. वहीं बैंक कर्मियों में संजय कुमार सुमन, अमित कुमार साहा, सुमन कुमारी, निशा बरनवाल और यूको बैंक के मनोज कुमार सहित दर्जनों कर्मी उपस्थित थे.प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




