पोठिया में 11 माह पहले बनी सड़क धंसी, जांच की मांग
दिन में लोग किसी तरह सावधानी बरतते हुए निकल जाते हैं, लेकिन रात के समय यहां दुर्घटना का खतरा काफी बढ़ जाता है
पहाड़कट्टा पोठिया प्रखंड में मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना से निर्मित ब्लदियाहाट से छत्तरगाछ कॉलोनी की सड़क के धंस जाने से राहगीरों में भय का माहौल बन गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क का निर्माण महज 11 माह पूर्व संवेदक कुंदन कुमार द्वारा कराया गया था. सातमेढ़ी पुल के पास पहली बारिश में ही सड़क दोनों ओर धंस गई और गहरा गड्डा बन गया है जहां कभी भी बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती है. ग्रामीणों ने कहा कि नई सड़क की यह स्थिति सड़क की गुणवत्ता पर कई सवाल खड़े कर रहा है. उल्लेखनीय है कि इस मार्ग से सैकड़ो लोग प्रतिदिन मुख्य बाजार इस्लामपुर, छत्तरगाछ बाजार, पहाड़कट्टा थाना, बेलुवा, खजुरबाड़ी व पोठिया प्रखंड मुख्यालय सहित अन्य स्थानों के लिए आना-जाना करते हैं. प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े माल वाहन भी इस सड़क से गुजरती हैं. दिन में लोग किसी तरह सावधानी बरतते हुए निकल जाते हैं, लेकिन रात के समय यहां दुर्घटना का खतरा काफी बढ़ जाता है. स्थानीय शिक्षक हैदर आलम ने बताया कि अगर किसी राहगीर से थोड़ी भी चूक हुई तो वह करीब 15 फीट नीचे गड्डे में गिर सकते है. सड़क निर्माण में घटिया सामग्री देने के कारण यह स्थिति हुई है. पहली बारिश में ही सड़क कमजोर हो गई और सड़क के कई हिस्से धंसने लगे है. इस संबंध में क्षेत्र संख्या-16 के जिला परिषद प्रतिनिधि मो इनामुल हक ने जिलाधिकारी विशाल राज से सड़क के गुणवत्ता की उच्यस्तरीय जांच की मांग की है. उन्होंने कहा कि पक्की सड़क के धंस जाने का मामला बैठक में भी उठाया जायेगा. सड़क के दोनों ओर लगभग 5 फीट गहरे गड्ढे हो गए हैं और जल्द मरम्मत नहीं हुई तो बड़ी दुर्घटना हो सकती है. उन्होंने संबंधित विभाग से शीघ्र गड्ढों को भरवाकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है. इधर ग्रामीण कार्य विभाग,कार्य प्रमंडल किशनगंज-2 के एसडीओ विकास कुमार ने मामले में संज्ञान लेते हुए जल्द ही सड़क की मरम्मती कराने का आश्वासन दिया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अवधेश कुमार
अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










