एनएच-327ई पर ठाकुरगंज आरओबी का सर्विस रोड बदहाल, हल्की बारिश में बने जानलेवा गड्ढे, राहगीर परेशान

Updated:
विज्ञापन

जर्जर सड़क

Thakurganj ROB Service Road Damaged: एनएच-327ई पर बना ठाकुरगंज रेलवे ओवरब्रिज (ROB) इन दिनों वाहन चालकों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है. पुल के नीचे बनी सर्विस रोड की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि हल्की सी बारिश होते ही यह सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है, जिससे हर पल हादसों का डर बना रहता है.

विज्ञापन

Thakurganj ROB Service Road Damaged: ठाकुरगंज (किशनगंज) से बच्छराज नखत की रिपोर्ट: किशनगंज जिले के ठाकुरगंज में एनएच-327ई पर स्थित रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का सर्विस रोड इन दिनों पूरी तरह बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है. सड़क पर जगह-जगह उभरे बड़े-बड़े गड्ढे और उनमें जमा बारिश का पानी राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा बन गया है. खासकर दोपहिया (बाइक) सवारों और छोटे चौपहिया वाहनों को इस शॉर्टकट मार्ग से गुजरने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

पानी भरने से सड़क और गड्ढे का फर्क मिटा, बना एक्सीडेंट जोन

स्थानीय निवासियों के अनुसार, मानसून से पहले की हल्की बारिश के बाद ही इस सड़क की स्थिति बद से बदतर हो जाती है. जल निकासी (ड्रेनेज) की सही व्यवस्था नहीं होने के कारण गड्ढों में कई फीट तक पानी भर जाता है. पानी जमा होने की वजह से वाहन चालकों को सड़क और गड्ढे का फर्क समझ नहीं आता, जिसके कारण आए दिन बाइक सवार अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं. इस मार्ग से भारी ट्रकों और व्यावसायिक वाहनों की लगातार आवाजाही होने से बची-खुची सड़क भी तेजी से टूटकर बिखर रही है.

निर्माण की गुणवत्ता और घटिया ड्रेनेज सिस्टम पर उठे सवाल

सड़क की इस दुर्दशा को लेकर स्थानीय लोगों में एनएचएआई (NHAI) और निर्माण एजेंसी के खिलाफ भारी आक्रोश है. लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज निर्माण के समय सर्विस रोड तो बना दी गई, लेकिन उसकी गुणवत्ता और पानी निकासी के इंतजामों पर बिल्कुल ध्यान नहीं दिया गया. घटिया निर्माण के कारण कुछ ही महीनों में अलकतरा उखड़ गया और गिट्टियां बाहर आ गईं. नतीजा यह है कि आज यह सड़क ठाकुरगंज की लाइफलाइन बनने के बजाय राहगीरों के लिए आफत का सबब बन चुकी है.

मानसून से पहले मरम्मत और नाला निर्माण की मांग

स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों और पंचायत प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और संबंधित विभाग के आला अधिकारियों से मांग की है कि:

  • मुख्य मानसून की शुरुआत से पहले इस पूरी सर्विस रोड की युद्ध स्तर पर विशेष मरम्मत (पैच वर्क) कराई जाए.
  • जलजमाव की समस्या से स्थाई निजात के लिए सड़क के दोनों किनारों पर पक्के नाले का निर्माण कराया जाए.

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इन जानलेवा गड्ढों को नहीं भरा गया, तो आने वाले बरसात के दिनों में यहां कोई बड़ा और गंभीर सड़क हादसा हो सकता है.

विज्ञापन
दिव्यांशु प्रशांत

लेखक के बारे में

By दिव्यांशु प्रशांत

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन