घरेलू गैस के दुरुपयोग पर सख्ती, टेढ़ागाछ में आपूर्ति विभाग की सघन छापेमारी

Updated:
विज्ञापन

घरेलू गैस के दुरुपयोग पर सख्ती, टेढ़ागाछ में आपूर्ति विभाग की सघन छापेमारी

विज्ञापन

किशनगंज.

टेढ़ागाछ प्रखंड में घरेलू गैस सिलिंडर के अवैध उपयोग व भंडारण के खिलाफ बुधवार को सख्त कार्रवाई की गयी. प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विजय कुमार विश्वास के नेतृत्व में चलाये गये इस सघन छापेमारी अभियान ने स्थानीय व्यापारियों व अवैध कारोबारी में हड़कंप मचा दिया. अभियान के तहत आपूर्ति विभाग की टीम ने प्रखंड के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों, धाधर चौक व मटियारी बाजार में औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन दुकानों, होटलों व संदिग्ध ठिकानों की गहन जांच की गयी, जहां घरेलू गैस सिलिंडरों का व्यावसायिक उपयोग या अवैध भंडारण किए जाने की सूचना मिल रही थी. अधिकारियों ने मौके पर एलपीजी सिलिंडर के उपयोग की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया व नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी. छापेमारी के दौरान प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि एलपीजी सिलिंडर का व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए उपयोग करना कानूनन अपराध है. उन्होंने दुकानदारों व स्थानीय लोगों को सचेत करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियों से न केवल सरकार को राजस्व का नुकसान होता है, बल्कि आम उपभोक्ताओं को समय पर एलपीजी सिलिंडर उपलब्ध होने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. अधिकारी ने यह भी दोहराया कि कालाबाजारी या अवैध भंडारण में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जायेगा. विभाग ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगा, ताकि एलपीजी वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे. जरूरतमंद उपभोक्ताओं को समय पर लाभ मिल सके. इस अभियान के बाद क्षेत्र में स्पष्ट संदेश गया है कि प्रशासन अब किसी भी तरह की अनियमितता को लेकर पूरी तरह सख्त है. आने वाले दिनों में भी इस तरह की छापेमारी जारी रहने की संभावना जतायी जा रही है. इससे अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगायी जा रही है.

विज्ञापन
अवधेश कुमार

लेखक के बारे में

By अवधेश कुमार

अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन