आंधी व बारिश ने शहर में मचाई तबाही, पेड़ उखड़े, घरों के उड़े टीन शेड
आंधी व बारिश ने शहर में मचाई तबाही, पेड़ उखड़े, घरों के उड़े टीन शेड
किशनगंज. जिले में शनिवार की देर रात आयी तेज आंधी ने जमकर तबाही मचायी है. आधी रात करीब 12 बजे अचानक मौसम ने करवट ली व तेज रफ्तार हवाओं ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया. तेज रफ्तार हवा के साथ झमाझम बरसात होने लगी. बताया जा रहा है कि हवाओं की रफ्तार लगभग एक सौ किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई, जिससे हालात बेकाबू हो गए. आंधी इतनी भीषण थी कि कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़कर सड़कों पर गिर पड़े. वहीं, कई घरों के टीन शेड हवा में उड़ गए, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. शहर के धर्मगंज, पश्चिम पल्ली, खगड़ा, रेलवे कॉलोनी, रूईधासा, वार्ड संख्या 11 सहित अन्य मुहल्ले में कई चक्रवाती तूफान ने जमकर तांडव मचाया है. आंधी से वजह से पूरे जिला में बिजली आपूर्ति चरमरा गयी और रविवार की देर शाम तक बिजली व्यवस्था कुछ हद तक सुधर पाई. वही रायपुर गांव स्थित काली मंदिर प्रांगण में लगा पीपल का पेड़ जड़ से उखड़ गया, हालाकि मंदिर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि गांव में आंधी तूफान की वजह से काफी नुकसान हुआ है. वही धरमगंज शिव मंदिर में पीपल का पेड़ एवं दीवार गिर गया. रेलवे कॉलोनी में कई पेड़ सड़क पर गिर गए जिसके बाद रास्ते से पेड़ काटकर हटाया गया और आवागमन सुचारू हो सका. तेज आंधी के कारण बिजली व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई. कई जगहों पर बिजली के तार टूट गए और पोल क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके चलते रात से ही बिजली आपूर्ति बाधित है. इधर, किसानों पर भी इस आंधी का गहरा असर पड़ा है. मक्का और आम की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है. तेज हवाओं और बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसल बर्बाद हो गई, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है. आम और लीची की मौसमी फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है. कृषि विभाग द्वारा फसलों को हुई क्षति का आंकलन किया जा रहा है.
क्या कहते है अधिकारी
सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी आदित्य कुमार ने बताया कि सभी प्रखंडों के अंचलाधिकारी को राजस्व कर्मचारी के माध्यम से क्षति का आंकलन कर शीघ्र प्रतिवेदन भेजने को कहा गया है. उन्होंने बताया कि प्रतिवेदन मिलने के बाद सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिया जाएगा. उन्होंने लोगो से भी अपील कि उनके यहां हुई क्षति की जानकारी सीओ को दे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अवधेश कुमार
अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










