साहूगच्छ प्राथमिक विद्यालय भवन निर्माण का रास्ता साफ, बीएसईआईडीसी को भेजा गया प्रस्ताव

विधायक को मिले जवाब | Prabhat Khabar Network
ठाकुरगंज के साहूगच्छ स्थित प्राथमिक विद्यालय भवन निर्माण के सपने को पंख लगे हैं। विधायक के सवाल पर शिक्षा विभाग ने भवन निर्माण की दिशा में बड़ी पहल की है। 56 छात्र-छात्राओं के भविष्य को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
किशनगंज : ठाकुरगंज विधानसभा क्षेत्र की कुकुरबाघी पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय, साहूगच्छ के भवन निर्माण का रास्ता लगभग साफ हो गया है. बिहार विधानसभा के मानसून सत्र में विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल के तारांकित प्रश्न के जवाब में शिक्षा विभाग ने बताया कि विद्यालय भवन निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध है और निर्माण कार्य के लिए बिहार स्टेट एजुकेशनल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (बीएसईआईडीसी), पटना को प्रस्ताव भेज दिया गया है.
विधानसभा में विधायक ने सरकार का ध्यान इस ओर दिलाया कि विद्यालय का अपना भवन नहीं होने के कारण बच्चों को पढ़ाई के लिए उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बोरीगच्छ जाना पड़ता है. सरकार ने अपने लिखित उत्तर में स्वीकार किया कि विद्यालय भवन नहीं होने के कारण इसका संचालन बोरीगच्छ में किया जा रहा है, जो मूल विद्यालय से लगभग दो किलोमीटर दूर है.
56 छात्र और तीन शिक्षक हैं पदस्थापित
शिक्षा विभाग के अनुसार विद्यालय में वर्तमान में 56 छात्र-छात्राओं का नामांकन है और यहां तीन शिक्षक-शिक्षिकाएं पदस्थापित हैं. भवन नहीं होने के कारण छात्रों को प्रतिदिन दूसरे विद्यालय तक पहुंचकर पढ़ाई करनी पड़ती है.
12 डिसमिल भूमि उपलब्ध, निर्माण एजेंसी को भेजा गया अनुरोध
सरकार ने बताया कि विद्यालय भवन निर्माण के लिए राज्यपाल के नाम से 12 डिसमिल भूमि उपलब्ध है. यह भूमि खाता संख्या 418, खेसरा संख्या 1477, 1478 एवं 1479, मौजा कुकुरबाघी में दर्ज है. जिला कार्यालय ने पत्रांक 754, दिनांक 14 मई 2026 के माध्यम से बीएसईआईडीसी, पटना को भवन निर्माण कराने का अनुरोध भेज दिया है.
स्थायी भवन मिलने की जगी उम्मीद
हालांकि सरकार ने भवन निर्माण की कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई है, लेकिन आश्वस्त किया है कि बीएसईआईडीसी प्राथमिकता के आधार पर विद्यालय की आधारभूत संरचना का निर्माण कराएगा. सरकार का यह जवाब 18 जुलाई 2026 को जारी किया गया. इसके बाद क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि वर्षों से भवनविहीन चल रहे इस विद्यालय को जल्द अपना भवन मिलेगा और बच्चों को दो किलोमीटर दूर जाकर पढ़ाई करने की मजबूरी से राहत मिलेगी.
यह भी पढ़ें : सीमांचल में फिर सक्रिय हुआ मानसून, किशनगंज में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By बच्छराज
बच्छराज प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ठाकुरगंज (किशनगंज) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










