रक्षाबंधन पर भाइयों की कलाई पर सजी प्रेम की डोर, जिलेभर में दिखा उत्साह
राखी बांधती बहन | Prabhat Khabar Network
किशनगंज में रक्षाबंधन का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनकी लंबी उम्र की कामना की। देखें पूरी रिपोर्ट।
किशनगंज : भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को किशनगंज जिले में हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया. सुबह से ही घरों में उत्सव का माहौल रहा. शुभ मुहूर्त में बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की. वहीं भाइयों ने बहनों को उपहार देकर उनकी सुरक्षा और साथ निभाने का संकल्प लिया.
आपके शहर में
तिलक लगाकर बांधी राखी, खिलाई मिठाई
रक्षाबंधन को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक खासा उत्साह देखने को मिला. बहनें नए परिधानों में सज-धजकर भाइयों के घर पहुंचीं. उन्होंने भाइयों को तिलक लगाया, मिठाई खिलाई और शुभ मुहूर्त में राखी बांधी. इसके बाद भाइयों ने भी बहनों का मुंह मीठा कराया और उन्हें उपहार भेंट किए.
बाजारों में रही खूब चहल-पहल
पर्व को लेकर किशनगंज शहर के विभिन्न बाजारों में भी रौनक रही. राखी, मिठाई और उपहार की दुकानों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ लगी रही. बाजार में रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों की खूब बिक्री हुई. बहनों ने भाइयों की पसंद के अनुसार राखियां और उपहार खरीदे.
दूर शहरों से मायके पहुंचीं बहनें
रक्षाबंधन पर दूर-दराज के शहरों में रहने वाली कई बहनें भी अपने मायके पहुंचीं. लंबे समय बाद भाई-बहनों के मिलन से परिवारों में त्योहार की खुशियां और बढ़ गयीं. पूरे जिले में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते में प्रेम, अपनापन और विश्वास की मिठास दिखाई दी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए