टेढ़ागाछ थाना में जनसुनवाई-सह-पुलिस-पब्लिक संवाद , लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं.

आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें,
किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ थाना परिसर में मंगलवार देर शाम“जनसुनवाई-सह-पुलिस-पब्लिक संवाद गोष्ठी” का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने की. इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण, बुद्धिजीवी वर्ग एवं पुलिस पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य आमजनों की समस्याओं को सीधे सुनना और पुलिस-जनता के बीच आपसी विश्वास एवं समन्वय को मजबूत करना था. कार्यक्रम के दौरान लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं. इनमें भूमि विवाद, आपसी झगड़े, शराबबंदी से जुड़ी शिकायतें, साइबर अपराध, चोरी-छिनतई तथा सीमावर्ती क्षेत्र की सुरक्षा जैसे अहम मुद्दे प्रमुख रहे. ग्रामीणों ने बताया कि कई मामलों में समय पर कार्रवाई नहीं होने से परेशानियां बढ़ जाती हैं, जिस पर पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जनता के साथ सतत संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान करना भी है. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और अपराध पर नियंत्रण पाया जा सके.गोष्ठी में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी-अपनी बात रखते हुए क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने पुलिस- प्रशासन से जनहित के मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने की मांग की तथा इस तरह के संवाद कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया. कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जनता द्वारा उठाई गई सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा. इस पहल को लोगों ने सराहनीय बताया और उम्मीद जताई कि इससे पुलिस और आमजन के बीच भरोसा और अधिक मजबूत होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










