कचरा प्रबंधन से सामुदायिक भवन तक तीन करोड़ की योजनाएं शुरू

कचरा प्रबंधन से सामुदायिक भवन तक तीन करोड़ की योजनाएं शुरू
ठाकुरगंज. नगर पंचायत क्षेत्र में मंगलवार को विकास योजनाओं की एक साथ शुरुआत कर शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया. करीब तीन करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली योजनाओं का शिलान्यास कर प्रशासन ने साफ संकेत दिया कि अब फोकस बुनियादी सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्था पर है. खोपड़ापट्टी स्थित सरकारी भूमि पर तीन अहम परियोजनाओं सम्राट अशोक भवन, सामग्री पुनर्प्राप्ति सुविधा व विंडरो प्रसंस्करण यूनिट की आधारशिला रखी गयी. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की मौजूदगी ने इसे खास बना दिया. स्थानीय विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने सम्राट अशोक भवन का शिलान्यास किया. यह भवन लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बनेगा व आने वाले समय में सामाजिक, सांस्कृतिक व सामुदायिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा. वहीं नगर पंचायत के मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल ने विंडरो प्रसंस्करण परियोजना की शुरुआत की. उन्होंने बताया कि इस तकनीक के जरिए जैविक कचरे जैसे पशु अपशिष्ट और फसल अवशेष को वैज्ञानिक तरीके से खाद में बदला जाएगा. इससे कचरा निपटान की समस्या कम होगी और पर्यावरण को भी लाभ मिलेगा. सामग्री पुनर्प्राप्ति सुविधा को शहर के लिए एक आधुनिक कचरा प्रबंधन समाधान के रूप में देखा जा रहा है. इस प्लांट में कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में छांटकर पुनः उपयोग के योग्य बनाया जाएगा, जिससे नगर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी. मुख्य पार्षद ने जानकारी दी कि विंडरो व एमआरएफ परियोजनाओं पर लगभग 1.65 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. दोनों योजनाओं के लिए कार्यादेश जारी हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है. इस अवसर पर कार्यपालक पदाधिकारी इमरान आलम, वार्ड पार्षद अमित कुमार सिन्हा, वार्ड संख्या 1 के पार्षद प्रतिनिधि मयंक शांडिल्य, भाजपा नेता अनिल महाराज, राजेश करनानी सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद थे. इन योजनाओं के शुरू होने से न केवल शहर में विकास को गति मिलेगी, बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक गतिविधियों को भी नया आधार मिलेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










