जनगणना 2027 को लेकर तैयारी तेज, पर्यवेक्षकों के बीच सामग्री का वितरण
Author Awadhesh kumar
Updated:
विज्ञापन
जनगणना 2027 को लेकर तैयारी तेज, पर्यवेक्षकों के बीच सामग्री का वितरण
विज्ञापन
84 पर्यवेक्षकों को मिला नियुक्ति पत्र और गाइडलाइन, दो मई से शुरू होगा मकान सूचीकरण का कार्य
ठाकुरगंज. प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित कौशल विकास केंद्र के सभागार में शनिवार को भारत की जनगणना 2027 की तैयारी को लेकर अहम बैठक आयोजित की गयी. इस अवसर पर प्रखंड क्षेत्र में कार्यरत पर्यवेक्षकों के बीच जनगणना से संबंधित सामग्री का वितरण भी किया गया. बैठक के दौरान कुल 84 पर्यवेक्षकों को नियुक्ति पत्र, मार्गदर्शिका पुस्तिका, नक्शा निर्माण के लिए चार्ट पेपर, पहचान पत्र समेत अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रदान किए गए. अधिकारियों ने सभी कर्मियों को उनके दायित्वों व कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी. कार्यक्रम का संचालन अपर चार्ज जनगणना अधिकारी सह प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी अवधेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में किया गया, जबकि उर्दू अनुवादक मोहम्मद फहद भी मौजूद थे. अधिकारियों ने जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी व त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने पर जोर दिया. अवधेश कुमार शर्मा ने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है. इसके जरिए सरकार को जनसंख्या, शिक्षा, रोजगार, आवास तथा सामाजिक और आर्थिक स्थिति से जुड़े सटीक आंकड़े प्राप्त होते हैं, जिनके आधार पर योजनाएं तैयार की जाती हैं. उन्होंने बताया कि प्रखंड के सभी 501 प्रगणकों को चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया जा चुका है. उन्होंने सभी पर्यवेक्षकों से अपील की कि वे आपसी समन्वय बनाकर ईमानदारी के साथ कार्य करें, ताकि सही और विश्वसनीय आंकड़े संकलित किए जा सकें. प्रशासन की ओर से बताया गया कि दो मई से 30 मई तक मकान सूचीकरण व मकान गणना का कार्य संचालित किया जाएगा. बैठक के अंत में अधिकारियों ने सभी कर्मियों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने व जनसहयोग के साथ अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन

लेखक के बारे में
By अवधेश कुमार
अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










