आरोपित को पकड़ने गयी पुलिस टीम पर हमला, कई हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ

Published by :AWADHESH KUMAR
Published at :08 May 2026 6:03 PM (IST)
विज्ञापन
आरोपित को पकड़ने गयी पुलिस टीम पर हमला, कई हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ

कोचाधामन व आसपास के थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई

विज्ञापन

किशनगंज सदर थाना किशनगंज में दर्ज एक मामले के आरोपित को पकड़ने गयी पुलिस टीम पर गुरुवार की रात आरोपित के परिजनों व स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया. शहर के खगड़ा मछमारा में पुलिस पर हमले की घटना में चार पुलिसकर्मियों को आंशिक चोटें आई है. मामले में पुलिस ने 23 लोगों को हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है. वहीं मामले को लेकर सदर थाना में नामजद व 60 से ज्यादा अज्ञात के विरुद्ध शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज किए जाने की प्रक्रिया जारी थी. मिली जानकारी के अनुसार छह माह पूर्व सितंबर माह में सदर थाना में कांड संख्या 502/25 के तहत एक प्राथमिकी दर्ज करवाई गई थी. उस समय भी एक आरोपित को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला किया गया था. पुलिस की टीम उसी केस के आरोपित को पकड़ने गई थी. किशनगंज के प्रभारी सदर थानाध्यक्ष निसार अहमद के नेतृत्व में पुलिस की टीम खगड़ा मछमारा के पास स्थित आरोपित के घर पहुंची थी. जहां से उक्त केस के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस की टीम दोनों आरोपितों को पकड़ कर थाना ला रही थी. तभी रास्ते में खगड़ा में ही कुछ लोगों ने पुलिस की गाड़ी पर पत्थर से हमला कर दिया. उक्त वाहन में प्रभारी सदर थानाध्यक्ष निसार अहमद भी सवार थे. हमले से पुलिस का सरकारी आर्टिका वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया. कुछ पुलिस कर्मी को आंशिक चोटें आई. घटना की सूचना एसपी संतोष कुमार को दी गई. सूचना मिलते ही एसडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह के नेतृत्व मे भारी संख्या में पुलिस की टीम खगड़ा मछमारा के पास पहुंच गई और हमला करने वाले आरोपियों को ढूंढने लगी. सदर थाना के अलावा बहादुरगंज, कोचाधामन व आसपास के थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से बीस से ज्यादा लोगो को हिरासत में ले लिया. एसडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह ने बताया कि एक केस के आरोपित को पकड़ने गई पुलिस टीम पर कुछ लोगों द्वारा हमला किया गया था. मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है. प्राथमिकी दर्ज किए जाने की प्रक्रिया जारी है. जो भी दोषी है उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी. इधर कार्रवाई के बाद खगड़ा मछमारा के कई लोग पकड़े गए लोगों को छुड़ाने थाना पहुंच गए. लोगों का कहना था की जो दोषी है उनके विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन जो निर्दोष है उनके विरुद्ध कार्रवाई न हो. वहीं पुलिस का भी स्पष्ट कहना है जो दोषी होंगे उनके विरुद्ध ही कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन
AWADHESH KUMAR

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन